
हिमाचल में बारिश की भविष्यवाणी राहत भरी
श्रीगंगानगर.
मौसम विभाग की हिमाचल में भारी बारिश की भविष्यवाणी ने किसानों को राहत दी है। पोंग बांध में जलस्तर की चिंताजनक स्थिति से किसान चिंतित थे। ऐसे में मौसम विभाग की भविष्यवाणी उनके लिए संजीवनी से कम नहीं।
हिमाचल में भारी बारिश होने का मतलब है पोंग बांध के जलग्रहण क्षेत्रों में भरपूर पानी की आवक होगी, जिससे बांध का जलस्तर उस लेवल तक पहुंच सकता है जहां किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी देने में भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड को कोई परेशानी नहीं होगी। हिमाचल में बारिश का थमा हुआ दौर पुन: शुरू हो गया है।
इससे पोंग बांध के जलग्रहण क्षेत्रों में पानी की आवक में सुधार हुआ है। पोंग बांध में शनिवार को 1312 फीट था जो रविवार सुबह 6 बजे तक बढकऱ 1314.80 फीट हो गया। हिमाचल के शिमला स्थित मौसम विज्ञान केन्द्र ने प्रदेश में मानसून के फिर से सक्रिय होने तथा 5 व 6 अगस्त को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। बारिश का यह दौर 8 अगस्त तक जारी रह सकता है। पोंग बांध का जलस्तर हिमाचल में होने वाली बारिश से ही सुधरेगा क्योंकि बांध के जलग्रहण क्षेत्र हिमाचल में है।
पोंग बांध में इस बार पानी की जो स्थिति है वैसी पहले चार बार बन चुकी है। वर्ष 2002, 2004, 2009 और 2012 में अगस्त के पहले सप्ताह में पोंग बांध का जलस्तर ऐसा ही था। बाद में जलग्रहण क्षेत्रों में अच्छी बरसात होने से जलस्तर में सुधार हुआ। भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड ने पिछले दो दिनों में बांध के जलग्रहण क्षेत्रों में बारिश होने के बाद पानी की आवक बढऩे पर संतोष जताया है।
बांधों की स्थिति
(5 अगस्त 2018 )
पोंग बांध 1318.48 फीट
आवक 34676 क्यूसेक
निकासी 18386 क्यूसेक
भाखड़ा बांध 1575.22 फीट
आवक 86342 क्यूसेक
निकासी 5059 क्यूसेक
Published on:
06 Aug 2018 07:32 am
