
theft in shop
श्रीगंगानगर.
सदर बाजार और उसके साथ लगते बाजार में शुक्रवार रात को छह दुकानों में चोरी की वारदात हुई। शनिवार सुबह जब व्यापारियों ने अपनी दुकानें खोली तो भीतर बिखरा सामान व खाली गल्ले देखकर हड़कम्प मच गया। इन दुकानों में छत के रास्ते आए अज्ञात व्यक्ति लाखों की नकदी व सामान चुरा ले गए। बाजार में एक साथ छह दुकानों में हुई चोरी की वारदात को लेकर वहां आसपास के दुकानदार व व्यापारी जमा हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना किया।
व्यापारियों के अनुसार शुक्रवार रात करीब दस बजे वे अपनी दुकानें बंद करके गए थे। शनिवार सुबह जब दुकानदार वहां पहंचे और अपनी-अपनी दुकान खोलने लगे तो भीतर सामान बिखरा पाया।वहीं, काउंटर पर बने गल्ले खाली पड़े थे। इसको देखकर दुकानदारों ने शोर किया तो वहां आसपास के दुकानदार जमा हो गए। एक-एक करके छह दुकानों में वारदात हुई थी। सदर बाजार की पहचान फैंसी स्टोर, फुटेला क्रोकरी हाउस, महावीर ट्रेडिंग कंपनी, कैलाश एजेंसी, जय शंकर भंडार और बंसल गोटा स्टोर में अज्ञात व्यक्ति छत से सीढिय़ों के दरवाजे तोड़कर नीचे उतरे। इनके गल्लों में से नकदी व सामान चोरी कर ले गए। दुकानदारों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर कोतवाल नरेन्द्र पूनिया मय जाब्ते पहुंचे और व्यापारियों से जानकारी ली। पुलिस ने सभी दुकानों में वारदात का मुआयना किया। इन वारदातों को लेकर व्यापारियों में आक्रोश है।
यह हुआ सामान चोरी
- अजय डोडा की पहचान फैंसी स्टोर से लाखों की नकदी, परफ्यूम, श्यामसुंदर फुटेला की फुटेला क्रॉकरी हाउस से चांदी के सिक्के, सुरेश बंसल की बंसल गोटा स्टोर से 70 हजार रुपए की नकदी, सौंदर्य प्रसाधन सामग्री, सत्यप्रकाश सिंघल की जयशंकर ट्रेडर्स से 50 चांदी के सिक्के, कैलाश सिंघल की कैलाश एजेंसी से 40 हजार रुपए, दुर्गा प्रसाद की महावीर ट्रेडिंग कंपनी से नकदी चोरी कर ले गए।
दरवाजे काटे
- सदर बाजार में सभी दुकानों में छत के रास्ते से दरवाजे तोड़कर चोरों ने नीचे दुकानों में प्रवेश किया और वारदात के बाद छत के रास्ते से ही फरार हो गए। सभी दुकानों में छत के दरवाजे टूटे या काटे हुए मिले। छत पर दो तलवार, एक बैग व अन्य सामान मिला है।
सीसीटीवी फुटेज में दिखे तीन जने
- पुलिस ने मौके पर पहचान फैंसी स्टोर में लगे सीसीटीवी कैमरे की रिकार्डिंग देखी। इसमे तीन जने रात करीब 10 बजकर 33 मिनिट पर दुकान में अंदर घुसे हुए हैं और गल्ले व समान खंगालते दिख रहे है। इनमें से दो जनों ने मुंह पर कपड़ा बांधा हुआ है। एक अन्य छोटे कद के युवक ने कपड़ा नहीं बांधा। गल्ले की तलाशी के बाद एक युवक ने काउंटर पर चढ़कर सीटीवीसी कैमरे का प्लग निकाल दिया, जिससे कैमरा बंद हो गया।
Published on:
28 Oct 2017, 7:59 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.