
श्रीगंगानगर में अब हड्डारोड़ी के लिए खरीदी जाएगी दो बीघा भूमि
श्रीगंगानगर. नगर परिषद प्रशासन ने शहरहित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लेने की दिशा में कदम उठाया हैै। मृत पशुओं के निस्तारण की समस्या का स्थायी समाधान करने के लिए नगर परिषद ने शहर के आसपास क्षेत्र में दो बीघा भूमि खरीदने का निर्णय लिया है।
सभापति करुणा चांडक ने एल ब्लॉक स्थित निजी कार्यालय में आयुक्त प्रियंका बुडानिया के साथ कई कदम उठाने के निर्देश दिए। आयुक्त ने बताया कि पिछले दो सालों से शहर में मृत पशुओं के उठाव की समस्या बनी हुई है। वहीं चक 6 जैड ए में नगर परिषद की साढ़े दस बीघा भूमि से हाईकोर्ट के आदेश पर हड्डारोड़ी हटाई जा चुकी है लेकिन वहां अब कचरा प्वाइंट बन चुका है।
चक 6 जैड के ग्रामीणों के विरोध के कारण मृत पशुओं को प्राइवेट ठेकेदारों ने निस्तारण के लिए कई जगह ले गए लेकिन वहां भी विरोध हो चुका हैै। ऐसे में मृत पशुओं के लिए हड्डारोड़ी स्थल नहीं होने के कारण पशुपालन विभाग भी पोस्टमार्टम नहीं करवा सकता। इसे देखते हुए दो बीघा भूमि खरीदी जाएगी। नगर परिषद बोर्ड की इसी माह प्रस्तावित बैठक में इस भूमि खरीद के प्रस्ताव को मंजूर करवाया जाएगा।
इसके अलावा मुख्य नालो की सफाई कराने के लिए टैण्डर की प्रक्रिया अपनाई जा रही हैै। इससे शहर में पानी निकासी की समस्या को दूर होने का दावा किया गया हैै।
आयुक्त बुडानिया ने बताया कि काफी समय से नालों की सफाई नहीं हो पाई है। इसके अलावा गड्ढो की डिसिल्टिँग का काम भी अटका हुआ है। सभापति ने पानी निकासी की समुचित व्यवस्था के लिए इन नालों और गड्ढों को साफ कराने के निर्देश दिए है। इसकी पालना में अब टैण्डर लेकर ठेकेदारों से काम करवाएंगे।
शहर के 65 वार्डो में अब डोर टू डोर कचरा संग्रहण करने के लिए नए ऑटो टीपर व दो काउ केचर वाहन खरीदने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। आयुक्त ने बताया कि सभापति का मानना है कि नगर परिषद के खुद के वाहनों से कचरा उठाव के वाहन होने जरूरी है।
अब तक किराये या ठेकेदार की ओर से ऑटो टीपर या ट्रेक्टर ट्रॉली के माध्यम से कचरा उठाव किया जा रहा था, इसके बावजूद उसके सकारात्मक परिणाम सामने नहीं आए। अब प्रत्येक वार्ड में एक एक नया टीपर और निराश्रित पशुओं को पकडऩे के लिए दो काउ केचर वाहन की खरीदने की व्यवस्था की जाएगी।
नगर परिषद परिसर में अब तक पुराने कबाड़ के पड़े रहने से वहां अधिक गंदगी का आलम रहता है। यहां तक कि जब्त किए गए साइन बोर्ड और होर्डिग्स या अन्य सामान की वजह से परिषद परिसर में कई जगह कबाड़ का रूप ले लिया था। आयुक्त ने बताया कि पुराने और नकारा हो चुके सामान को बेचान या निस्तारित किया जाएगा। इधर, निर्माण शाखा भवन के आसपास खाली पड़ी जगह को साफ कर वहां इंटरलोकिंग टाइल्स बिछाने का काम अंतिम चरण में हैै। वहीं नगर परिषद के बाहर रेहडिय़ों के जमघट को हटवा कर वहां पार्किग स्थल बनाने की प्रक्रिया पूरी की गई है।
Published on:
05 Jan 2020 06:50 pm
