
अवैध शराब पकडऩे गए सिपाही से मारपीट में गिरफ्तार दो महिला व एक पुरुष को भेजा जेल
श्रीगंगानगर. हिन्दुमलकोट थाना इलाके में पांच सौ एलएनपी में अवैश शराब निकालने वालों को पकडऩे गए पुलिसकर्मियों से मारपीट कर आरोपी छुड़ाने के बाद मंगलवार सुबह भारी फोर्स ने गांव में छापा मारकर दो महिलाओं सहित तीन जनों को गिरफ्तार किया था। वहीं पुलिस ने जेसीबी से अवैध शराब की भट्टियां, वाश आदि को पूरी तरह नष्ट कर दिया। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि थाने के कांस्टेबल दिनेशचंद ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह दो जने बाइक पर सोमवार दोपहर को गांव 500 एलएनपी में गए थे, जहां कुछ लोग अवैध शराब निकाल रहे थे। इनमें से एक जने को पकड़ लिया और थाने लाने लगे तो लोगों ने घेर लिया। आरोपियों ने पुलिसकर्मियों से मारपीट की तथा बाइक को रख लिया और आरोपी को छुड़ा ले गए।
इसके बाद वहां थाने जाब्ता पहुंचा लेकिन लोग नहीं माने और उनके साथ भी धक्का मुक्की कर दी। पुलिस ने इस मामले में राजकार्य में बाधा डालने, आरोपी छुड़ाने व बाइक छीनने का मामला सुखचैन सिंह, सतपाल, बलदेव, गुरदीप राजू वगैरह अन्य के खिलाफ दर्ज किया। मंगलवार सुबह करीब पांच बजे ग्रामीण सीओ कमल कुमार के नेतृत्व में थाना प्रभारी मजीद खान, एसआई किशोर सिंह, हिन्दुमलकोट, लालगढ़, मटीलीराठान व सदर थाना तथा पुलिस लाइन के जाब्ते ने 500 एलएनपी में जेसीबी मशीन के साथ छापा मारा।
जहां से पहले पुलिस ने पुलिसकर्मियों पर हमला करने के आरोपी जोगेन्द्र सिंह पुत्र दलबीर सिंह, अनरोबाई पत्नी मेजर सिंह, बिमलाबाई पत्नी कुलवंत सिंह को गिरफ्तार किया था। इसके बाद वहां दर्जनों भट्टियां व करीब पंद्रह हजार लीटर लाहण नष्ट किया गया था। पुलिस ने आरोपियों को बुधवार को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
Updated on:
24 Apr 2019 10:47 pm
Published on:
24 Apr 2019 10:47 pm
