
गिरफ्तार यूपी का शूटर (फोटो-पत्रिका)
श्रीगंगानगर। जवाहरनगर पुलिस की नाकाबंदी के दौरान मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया युवक गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का गुर्गा है। आरोपी गैंग से सुपारी लेकर श्रीगंगानगर आ रहा था, लेकिन रास्ते में पुलिस से सामना हो गया। पुलिस लाइन में बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश ने इस बारे में जानकारी दी।
आईजी ने बताया कि आगरा निवासी 25 वर्षीय आकाश निगम शुक्रवार शाम साधुवाली चेक पोस्ट पर नाकाबंदी के दौरान बिना नंबर की मोटरसाइकिल से जा रहा था। पुलिस को देखकर उसने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपी आकाश ने रिवॉल्वर से पुलिस दल पर तीन राउंड फायर किए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, इसके बाद उसे काबू कर लिया गया।
आईजी ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी युवक ने स्वीकार किया कि वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग के संपर्क में था और टारगेट मिलने पर रेकी कर फायरिंग करने के लिए आया था। आरोपी ने कबूला कि दो माह पूर्व हनुमानगढ़ जिले के भादरा क्षेत्र में साथियों के साथ वारदात की साजिश रची थी।
आरोपी को पकड़ने में जवाहरनगर सीआई देवेन्द्र सिंह, एसआई नरेश कुमार, हेड कांस्टेबल हरदेव सिंह, कांस्टेबल ओमप्रकाश, भरतलाल, उग्रसेन और दयाराम की अहम भूमिका रही। मामले की जांच अब सदर सीआई सुभाषचन्द्र को दी गई है।
आईजी ने बताया कि सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान के संदिग्ध तत्वों से जुड़े या फॉलो करने वालों पर भी शिकंजा कसा जा रहा है। लालगढ़ थाना क्षेत्र के गांव केराचक निवासी 20 वर्षीय आकाशदीप सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी के संपर्क में था। उसे पकड़ा गया है।
उन्होंने बताया कि पाक अपराधियों के नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है, जो देश विरोधी शक्तियों को उकसा रहे हैं। ऐसी शक्तियों को पनपने नहीं देंगे। आईजी ने कहा कि जिले की संवेदनशीलता को देखते हुए खुफिया इनपुट पर लगातार नजर रखी जा रही है। इसी का परिणाम है कि पुलिस ने रावला क्षेत्र में दस किलो हेरोइन की खेप बरामद कर पांच तस्करों को काबू किया।
Updated on:
28 Mar 2026 07:53 pm
Published on:
28 Mar 2026 07:53 pm
