
पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौमस ने खाया पलटा, श्रीबिजयनगर में ओलावृष्टि, बीरमाना में बूंदाबांदी
श्रीगंगानगर.
पश्चिमी विक्षोभ के असर से जिले के विभिन्न हिस्सों में मौसम ने पलटा खाया। श्रीगंगानगर जिला मुख्यालय पर बूंदाबांदी से सडक़ें भीग गईं तथा सर्दी तेज हो गई। शाम ढलने के बाद से सर्दी के कारण सडक़ों पर लोगों की आवाजाही अपेक्षाकृत कम हो गई। श्रीबिजयनगर में बूंदाबांदी के साथ ओलावृष्टि हुई । इस दौरान वहां चने के आकार के ओले गिरे। वहीं बीरमाना में बूंदाबांदी से मौसम सर्द हो गया। गांव जानकीदासवाला में गर्जना के साथ बादल छाए रहे। गांव लूणियां और रामसिंहपुर में भी वर्षा के समचार हैं। जानकीदासवाला में भी ओले गिरने की जानकारी मिली है।
श्रीगंगानगर जिला मुख्यालय पर भी दिन में बेहद कम समय के लिए सूर्य देव ने दर्शन दिए। शेष समय बादल छाए रहे तथा इस दौरान सर्दी का असर तेज बना रहा। शाम ढलने के साथ बंूदाबांदी ने सर्दी और बढ़ा दी।
श्रीबिजयनगर संवाददाता से प्राप्त जानकारी के अनुसार शाम लगभग चार बजे अचानक हल्की बरसात के साथ चने के आकार के ओले गिरने शुरू हो गए । लगभग तीन से चार मिनट तक हल्की ओलावृष्टि क्षेत्र में हुई है। गांव 29 जीबी के किसान गुरप्रीत सिंह के अनुसार लगभग सात मिनट तक चने के आकार के ओले गिरे है जिससे खेतो में सरसों के फूलो को नुकसान हुआ है। बीजीडी क्षेत्र में भी लगभग 10 मिनट तक हल्की ओलावृष्टि हुई है । किसान राजा हेयर के अनुसार इससे अगेती सरसो को काफी नुकसान की आशंका है। जैतसर में भी ओलावृष्टि के समाचार मिले हैं।
सूरतगढ़ थर्मल में तेज वर्षा हुई वहीं सूरतगढ़, सिद्धूवाला, दस सरकारी सहित जिले के कई हिस्सों में वर्षा से ठंडक बढ़ गई।
मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी एमएल रिणवां के अनुसार अगले चौबीस घंटे के दौरान इलाके में ऐसे ही हालात बने रहे सकते हैं। पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तरी राजस्थान के विभिन्न हिस्सों में ओलावृष्टि और वर्षा की संभावना है। इसका असर श्रीगंगानगर इलाके पर भी रहेगा।
Updated on:
05 Jan 2019 09:07 pm
Published on:
05 Jan 2019 05:18 pm
