27 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

ट्रेन में सांसद की माैजूदगी में महिला यात्री के साथ करतूत हाेती देख यात्रियों में मची खलबली

एक युवक की महिला यात्री के साथ करतूत काे देख यात्रियाें में खलबली मच गर्इ। इसी कोच में सांसद भी मौजूद थे।

2 min read
Google source verification
railway

श्रीगंगानगर। दिल्ली से श्रीगंगानगर आ रही सराय रोहिल्ला एक्सप्रेस ट्रेन के हाईक्लास कोच में सोमवार रात करीब तीन बजे पंजाब के धुरी रेलवे स्टेशन से चलते ही एक युवक महिला यात्री का पर्स छीनकर चलती ट्रेन से कूद गया। इसी कोच में सांसद भी मौजूद थे। इस घटना को लेकर सांसद ने जीआरपी व आरपीएफ के अधिकारियों को मामले को गंभीरता से लेने व ट्रेनों में सुरक्षा बढ़ाने की हिदायत दी।

जीआरपी थाना प्रभारी धन्ने सिंह राठौड़ ने बताया कि दिल्ली से चलकर श्रीगंगानगर आ रही सरायरोहिल्ला एक्सप्रेस ट्रेन के हाईक्लास कोच में शहर के गोलबाजार निवासी डॉ. देवेन्द्र गुप्ता व उनकी पत्नी दिल्ली से श्रीगंगानगर आ रहे थे। रास्ते में रात तीन बजे जैसे ही ट्रेन पंजाब के धुरी रेलवे स्टेशन से रवाना हुई तो एक युवक उनके केबिन में घुस आया और डॉ. गुप्ता की पत्नी का पर्स छीनकर ले गया।

यह युवक पर्स छीनने के बाद चलती ट्रेन से कूद गया। महिला के शोर करने पर यात्रियों में खलबली मच गई। इसी कोच में सांसद निहालचंद मेघवाल भी बैठे हुए थे। यात्रियों ने इस घटना से उनको अवगत कराया। इस पर कोच के अटेंडर को बुलाया गया लेकिन वह दूसरे कोच का था। ट्रेन सुबह करीब सवा सात बजे श्रीगंगानगर रेलवे स्टेशन पर पहुंची जहां सांसद ने जीआरपी थाना प्रभारी व अन्य अधिकारियों को बुलवाया तथा पर्स छीनने की घटना की जीरो नंबरी रिपोर्ट दर्ज कर संबंधित थाने में भेजने के लिए कहा।

इस दौरान उन्होंने जीआरपी व आरपीएफ के अधिकारियों को फोन कर ट्रेन के कोच में हुई घटना से अवगत कराया। सांसद को अधिकारियों व लोगों ने बताया कि पंजाब व हरियाणा में आएदिन ट्रेनों में छीनाझपटी की वारदात हो जाती है। इस पर सांसद ने लोगों से कहा कि इस संबंध में दिल्ली जाकर रेलवे के अधिकारियों से बात की जाएगी। उधर, जीआरपी पुलिस ने जीरो नंबर एफआईआर दर्ज कर पंजाब के संगरुर जीआरपी पुलिस को भेज दी है। महिला के पर्स में करीब दो तौले की सोने की चेन, 9 हजार रुपए की नकदी व अन्य सामान था।