21 जुलाई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

epaper_icon

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

‘मारो सब, और मारो…’: RAF बरसाती रही लाठियां और डटकर खड़ा रहा युवक, CJP के संसद मार्च का वीडियो वायरल

CJP Parliament March Viral Video: कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संसद मार्च के दौरान लाठीचार्ज का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक युवक लाठीचार्ज के बीच 'मारो सब, और मारो...' कहते हुए जवानों के सामने डटा दिखाई देता है।
2 min read
Google source verification
CJP Parliament March Lathicharge

प्रदर्शनकारी पर लाठियां बरसाते जवान (Photo: X/@Benarasiyaa)

RAF Lathicharge Viral Video: नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर सोमवार सुबह तेज बारिश और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हजारों प्रदर्शनकारी जुट गए। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में शामिल लोग नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं और नीट पेपर लीक मामले में जवाबदेही की मांग कर रहे है। प्रदर्शनकारियों ने 'संसद चलो' मार्च निकालने की कोशिश की, लेकिन दिल्ली पुलिस ने पहले ही इसकी अनुमति देने से इनकार कर दिया था। इसके चलते जंतर-मंतर और आसपास के पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। संसद की ओर जाने वाले कई रास्ते सील कर दिए गए और प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए भारी संख्या में पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवान तैनात किए गए। इसी दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच आज सुबह तनाव बढ़ गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया गया, जिसका एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

RAF की लाठियों के सामने सीना तानकर खड़ा रहा युवक

वायरल वीडियो में दिख रहा है कि प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए RAF के जवान लाठीचार्ज कर रहे हैं। इसी दौरान एक युवक जवानों के सामने बिना पीछे हटे खड़ा रहता है। वीडियो में वह लगातार चिल्लाता हुआ सुनाई देता है, "मारो सब... और मारो... मार डालो मुझे..."। लाठियां पड़ने के बावजूद युवक अपनी जगह से नहीं हटता। जिसके बाद कुछ जवान उसे वहां से हटाते हुए दिखाई देते हैं।

युवक का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। कई यूजर्स इसे छात्रों के गुस्से और व्यवस्था के खिलाफ उनके आक्रोश का प्रतीक बता रहे हैं, जबकि अन्य लोग पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

विपक्ष ने सरकार को घेरा

सीजेपी के आंदोलन को लेकर आज संसद के भीतर भी जोरदार हंगामा देखने को मिला। राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने नीट-यूजी 2026 प्रश्नपत्र लीक का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यह लाखों छात्रों के भविष्य से जुड़ा मामला है।

खरगे ने आरोप लगाया, "हजारों छात्र जंतर-मंतर पहुंचे थे और उन पर लाठीचार्ज किया गया। सरकार इस मुद्दे को दबाने की कोशिश कर रही है।" उनके बयान के दौरान विपक्षी सांसद अपनी सीटों पर खड़े होकर ‘शर्म करो, शर्म करो’ के नारे लगाने लगे। लगातार हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही कई बार स्थगित करनी पड़ी।

जंतर-मंतर और संसद परिसर में कड़ी सुरक्षा

सीजेपी के प्रदर्शन के बीच जंतर-मंतर और संसद भवन के आसपास के पूरे परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। अतिरिक्त पुलिस बल और RAF की कई टुकड़ियां तैनात की गईं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। वहीं, विपक्ष और सीजेपी ने प्रदर्शनकारियों पर बल प्रयोग की आलोचना करते हुए कार्रवाई को गलत ठहराया है।

5 हजार से ज्यादा जवान तैनात

जंतर-मंतर पर ही 5,000 से अधिक पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात किए गए हैं। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए आंसू गैस के गोले, दंगा नियंत्रण वाहन भी मौके पर मौजूद हैं। वहीं, नई दिल्ली क्षेत्र में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 163 लागू कर दी गई है।