
photo ani
Malviya Nagar Fire: दिल्ली के मालवीय नगर इलाके से एक बहुत ही दुखद खबर सामने आ रही है। यहां बुधवार को एक रेस्टोरेंट में अचानक भयानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर मौजूद लोगों को संभलने और बाहर निकलने का मौका भी नहीं मिला, जिससे वहां चीख-पुकार मच गई। पुलिस के मुताबिक, इस दर्दनाक हादसे में अब तक 20 लोगों की जान जा चुकी है और करीब 25 लोग बुरी तरह झुलस गए हैं।
इस बीच, सरकार ने पीड़ितों के लिए बड़ा ऐलान किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मालवीय नगर आग की घटना में हुई जानमाल की हानि पर शोक व्यक्त किया है। पीएम मोदी ने इस हादसे में जान गंवाने वाले हर एक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपए और घायलों को 50,000 रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मालवीय नगर में लगी भीषण आग पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि इस हादसे में जो जान-माल का भारी नुकसान हुआ है, उससे उनका दिल बहुत दुखी है। जिन परिवारों के लोगों की इस हादसे में जान गई है, उनके प्रति मुख्यमंत्री ने अपनी गहरी संवेदना जताई है। इसके साथ ही उन्होंने घायलों के जल्दी ठीक होने की कामना की और भगवान से प्रार्थना की कि इस मुश्किल घड़ी में पीड़ित परिवारों को हिम्मत और साहस मिले।
मुख्यमंत्री ने बताया कि जैसे ही आग लगने की खबर मिली, दिल्ली फायर ब्रिगेड, पुलिस, डीडीएमए और कैट्स एम्बुलेंस जैसी सभी इमरजेंसी टीमों को तुरंत काम पर लगा दिया गया। इन टीमों ने मुस्तैदी दिखाते हुए राहत और बचाव का काम शुरू किया, जिसकी वजह से कई लोगों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
रेखा गुप्ता ने भरोसा दिलाया कि दिल्ली सरकार इस पूरी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। प्रभावित परिवारों को इलाज से लेकर हर तरह की जरूरी मदद दी जा रही है। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार पूरी तरह से पीड़ितों के साथ खड़ी है और उनकी हर मुमकिन सहायता करने के लिए प्रतिबद्ध है।
Updated on:
03 Jun 2026 01:44 pm
Published on:
03 Jun 2026 01:09 pm
बड़ी खबरें
View Allराज्य
ट्रेंडिंग
