
मृतक की फाइल फोटो जांच करती पुलिस फोटो जेनरेट AI
सुल्तानपुर जिले में गुरुवार शाम पटीदारों के बीच पुरानी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। ताबड़तोड़ फायरिंग में होमगार्ड के बेटे की मौत हो गई। जबकि होमगार्ड समेत परिवार के दो अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
सुल्तानपुर जिले के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के जनऊपुर गांव का है। यहां होमगार्ड वीरेंद्र प्रताप सोनकर और गांव के ही रमेश सोनकर के परिवार के बीच पहले से आपसी खटास चली आ रही थी। गुरुवार सुबह दोनों परिवारों के बच्चों के बीच खेल-खेल में कहासुनी हो गई थी। उस वक्त बड़े-बुजुर्गों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था। किसी ने पुलिस में शिकायत भी नहीं की।
लेकिन शाम होते-होते विवाद ने फिर तूल पकड़ लिया। आरोप है कि रमेश सोनकर के परिवार की महिलाएं और उनका बेटा भोलू सोनकर वीरेंद्र प्रताप के घर पहुंच गए। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। इसी दौरान भोलू सोनकर ने कथित तौर पर करीब पांच राउंड गोलियां चला दीं। गोलियों की आवाज से गांव में दहशत फैल गई। और लोग घरों में दुबक गए।
फायरिंग में वीरेंद्र प्रताप के छोटे बेटे मोहित (26) को सीने में दो गोलियां लगीं। परिजन उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं बड़े बेटे मंगल (30) को भी एक गोली लगी। उसका इलाज चल रहा है। हालत स्थिर बताई जा रही है। एहतियात के तौर पर उसका सीटी स्कैन भी कराया गया है। घटना में स्वयं होमगार्ड वीरेंद्र प्रताप भी घायल हुए हैं। जिनका प्राथमिक उपचार किया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। जिला अस्पताल में एसपी चारू निगम भी पहुंचीं। घायलों से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मुख्य आरोपी भोलू सोनकर की गिरफ्तारी के लिए एसओजी और देहात कोतवाली की विशेष टीमें गठित की गई हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। गांव में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
Published on:
05 Mar 2026 09:25 pm
बड़ी खबरें
View Allसुल्तानपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
