29 मार्च 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सुल्तानपुर में इंस्पेक्टर को कमरे की साफ- सफाई के दौरान लगी गोली… घायल अवस्था में लखनऊ रेफर SP और आईजी मौके पर पहुंचे

सुल्तानपुर में कमरे की सफाई करते समय इंस्पेक्टर को खुद की रिवॉल्वर से गोली लग गई। गंभीर हालत में लखनऊ रेफर किया गया। एसपी और आईजी मौके पर पहुंचे। जांच में फिलहाल हादसे की आशंका जताई जा रही है।

2 min read
Google source verification

मौके पर जांच करते अधिकारी इनसेट में घायल हुए इंस्पेक्टर अरुण द्विवेदी सोर्स पत्रिका

सुल्तानपुर के अखंडनगर थाने में तैनात इंस्पेक्टर अरुण द्विवेदी रविवार को अपने सरकारी आवास में घायल अवस्था में मिले। वह कमरे की सफाई कर रहे थे। तभी अचानक उनकी लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली चल गई। पुलिसकर्मी तुरंत उन्हें अस्पताल ले गए। जहां से गंभीर हालत को देखते हुए लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। अखंडनगर थाने के प्रभारी इंस्पेक्टर अरुण द्विवेदी अपने ही सरकारी आवास में गोली लगने से घायल हो गए। यह घटना रविवार की है। जब वह थाने परिसर में स्थित अपने कमरे में अकेले मौजूद थे। बताया जा रहा है कि इंस्पेक्टर द्विवेदी अपने कमरे की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी निजी लाइसेंसी .32 बोर रिवॉल्वर से गोली चल गई। गोली उनके दाहिने कंधे में लगी और आर-पार निकल गई। जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़े।

गोली की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद पुलिसकर्मी दौड़कर पहुंचे

गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना देर किए घायल इंस्पेक्टर को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज शुरू किया। लेकिन हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए लखनऊ के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी कर रही है।

आईजी और एसपी ने घटनास्थल पहुंच कर लिया जाएजा

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक चारु निगम मौके पर पहुंचीं। उनके साथ फील्ड यूनिट की टीम भी थी जिसने पूरे घटनास्थल का निरीक्षण किया। शुरुआती जांच में यह मामला दुर्घटनावश फायरिंग का प्रतीत हो रहा है। एसपी के अनुसार, इंस्पेक्टर अपने कमरे में सामान व्यवस्थित कर रहे थे। तभी लापरवाही या तकनीकी कारण से रिवॉल्वर से गोली चल गई। वहीं, अयोध्या रेंज के आईजी सोमेन वर्मा भी मौके पर पहुंचे और थाने के स्टाफ से घटना की जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है। ताकि किसी अन्य पहलू की संभावना को भी खारिज किया जा सके। फिलहाल पूरे मामले को एक दुर्घटना माना जा रहा है। लेकिन जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो पाएगी।