
विवाह में भेंट किया शौचालय, आर्थिक रूप से मदद कर किया कन्यादान
सलतानपुर. स्वच्छ भारत मिशन से प्रेरित एवं सामाजिक कार्यों से ओतप्रोत एक अवकाश प्राप्त अध्यापक ने एक गरीब पिता की बेटी की शादी करके लोगों के सामने मिसाल कायम कर दी है। सेवानिवृत्त शिक्षक बृजलाल कनौजिया ने गरीब की बेटी की शादी में दान-दहेज के अलावा स्वच्छ शौंचालय बनवाकर भेंट किया। एक गरीब पिता की बेटी को अपनी बेटी की तरह उसकी शादी में स्वच्छ शौंचालय बनवाकर दहेज के रूप में देकर समाज में चेतना का संचार करते हुए एक मिशाल कायम की है। गरीबों एवं असहायों की सहायता करने का जुनून हो तो किसी भी रूप में किया जा सकता है। बस सच्चे मन से समाज की सेवा करने का दृढ़ संकल्प होना चाहिए। पद और संसाधन आवश्यक नही होता।
इस बात का जीता जागता उदाहरण हैं बृजलाल कन्नौजिया । विकास खण्ड धनपतगंज के जूनियर हाई स्कूल प्रतापपुर के अवकाश प्राप्त सहायक अध्यापक बृजलाल कन्नौजिया ने गरीबो के इलाज,उनके बच्चों को निशुल्क शिक्षा, वस्त्र एवं अन्नदान जैसे पुनीत कार्य विगत कई वर्षों से करते चले आ रहे हैं । इसी तरह उन्होंने रविवार को एक नई एवं अनोखी एवं अनुकरणीय कड़ी जोड़कर समाज में अपनी तरह की बिल्कुल नई परम्परा की शुरुआत की । फैजाबाद जनपद के बीकापुर तहसील अन्तर्गत पातुपुर निवासी बैजनाथ जो आर्थिक रूप से बहुत ही कमजोर है की पुत्री सलोनी और सुलतानपुर के सदर तहसील के पल्हीपुर निवासी हरीदीन के पुत्र दिनेश की शादी का पूरा भार अपने ऊपर न सिर्फ ले लिया बल्कि खूब धूमधाम से विवाह कार्यक्रम सम्पन्न कराया और दान -दहेज का सारा सामान तो दिया ही साथ ही एक शौचालय का पूरा खर्च एवं टॉयलेट सीट और एक सोने की अंगूठी भी दूल्हे के पिता हरीदीन को भेंट की ।
समाज में खूब हो रही चर्चा
इस विवाह में शामिल सैकड़ो सामाजिक लोगों ने शिक्षक बृजलाल कन्नौजिया के इस पुनीत कार्य की प्रशंसा कर रहें हैं, बल्कि लोगों एवं समाज से इस प्रेरणादायी कदम की खूब चर्चा कर लोगों से ऐसे सामाजिक कार्य करने की अपील भी कर रहे हैं ।
Published on:
20 Nov 2018, 12:04 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.