
Dead body in drain
सूरजपुर. नगर के मानपुर मोहल्ले में रहकर हमाली का काम करने वाले ग्रामीण युवक की लाश शनिवार को नाली में संदिग्धावस्था में पड़ी पाई गई। वार्ड के लोगों ने पहले तो सोचा कि शराब पीकर कोई गिरा होगा, लेकिन पार्षद ने जब इसकी सुध ली तो उसकी मृत्यु हो चुकी थी।
गौरतलब है कि नगर के मानपुर सेमरपारा स्थित नाली में सुबह कुछ लोगों ने अज्ञात व्यक्ति को पड़ा देखा। कुछ देर बाद जब वहां पार्षद राजेश साहू एवं राजेश सोनवानी पहुंचे तो उन्होंने उसकी पहचान सलका (डेडरी) निवासी तिलक सिंह के रूप में की। उन्होंने बताया कि तिलक सिंह विगत 10-15 वर्षों से सूरजपुर में रहने लगा था और यहां पल्लेदारी का काम करता था।
पार्षदों ने इसकी सूचना पुलिस को दी और पुलिस की मौजूदगी में ही मृतक के शव को नाली से बाहर निकाला गया और जिला चिकित्सालय में पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया।
असुरक्षित हैं नगर की खुली नालियां
नगर के विभिन्न वार्डों में पानी निकासी के लिए नालियों का जाल तो बिछा दिया गया है, लेकिन इन नालियों में ढक्कन नहीं लगाये जाने से खुली नालियों ने जनसामान्य की परेशानी बढ़ा दी है। आबादी क्षेत्र में जहां एक ओर आवागमन की दृष्टि से खुली नालियां बाधा उत्पन्न कर रहीं हैं।
वहीं दूसरी ओर मवेशियों, वृद्धजनों, बच्चों और निराश्रितों के लिए परेशानी का कारण बन कर जानलेवा साबित हो रही है। नालियों में ढक्कन न होने से आबादी क्षेत्र में मच्छरों के पनपने और बदबू फैलने से जन जीवन प्रभावित हो रहा है। अब तक नालियों में गिरने से कई मवेशियों की मौत हो चुकी है।
शराब पीने का आदी था मृतक
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि मृतक पल्लेदारी का काम करके अपनी आजीविका चलाता था, लेकिन कुछ समय से वह शराब का आदी हो गया था। अक्सर शराब के नशे में होने के कारण यह अनुमान लगाया जा रहा है कि देर रात नशे में बाहर निकलने के दरम्यिान वह नाली में गिर गया होगा और रात भर नाली के पानी और कड़कड़ाती ठण्ड की वजह से उसकी मौत हो गई होगी। हालांकि अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट का खुलासा नहीं हो पाया है।
नालियों के ऊपर नहीं लगे हैं ढक्कन
नगर के 18 वार्डों में से अधिकांश वार्डों में बनी नालियों के ऊपर ढक्कन नहीं लगाई गई हैं। नपा द्वारा नालियों में स्लैब ढक्कन हेतु निविदा तो आमंत्रित की गई थी, कुछ वार्डों में स्लैब लगाया भी गया है, लेकिन नगर के अंदर की कई नालियां अब भी ढक्कन विहीन है, जिन्हें इस घटना से सबक लेकर सुरक्षित करने की आवश्यकता है।
गैबीनाथ साहू, नेता प्रतिपक्ष, नपा सूरजपुर
Published on:
02 Dec 2017 09:41 pm

बड़ी खबरें
View Allसुरजपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
