
नवसारी ग्रामीण तहसीलदार समेत चार लोग घूस लेते हुए गिरफ्तार
खेरगाम. लॉकडाउन के दौरान भी सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचारकम नहीं हो रहा है। ऐसे ही एक मामले में नवसारी ग्रामीण तहसीलदार समेत चार लोग घूस लेते हुए गिरफ्तार हुए हैं। मिट्टी चोरी में जब्त ट्रकों को छोडऩे के लिए 90 हजार रुपए की घूस मांगने के मामले में यह कार्रवाई की गई है।
90 हजार रुपए की घूस
फरियादी परमिट लेकर मिट्टी खनन करने के बाद बेचता है। कुछ दिन पूर्व फरियादी के ट्रकों को तहसीलदार यशपाल गढवी ने पकड़ा था। जिसे छोडऩे के लिए सर्कल ऑफिसर शैलेश रबारी के साथ ट्रकों को छोडऩे के लिए 1.10 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। घूस की रकम नायब तहसीलदार संजय देसाई को देने की सूचना दी गई थी। फरियादी ने 20 हजार रुपए घूस देकर बाकी की रकम के लिए पांच दिन का समय मांगा। इस बीच फरियादी ने नवसारी एसीबी में इसकी शिकायत कर दी। इसके बाद मंगलवार को नवसारी एसीबी पीआई बीजे सरवैया ने ट्रैप लगाया और फरियादी को ग्रामीण तहसीलदार कार्यालय में रुपए लेकर भेजा। तहसीलदार यशपाल गढवी से संपर्क करने पर उन्होंने सर्कल ऑफिसर शैलेश रबारी को देने को कहा। जब शैलेश को फोन किया गया तो उसने ऑफिस आने में देरी का कारण बताकर रुपए नायब तहसीलदार संजय ईश्वर देसाई को देने की सूचना दी। संजय देसाई ने 90 हजार रुपए की घूस स्वीकार कर क्लर्क कपिल को देकर सभी का भाग लगाने को कहा। इसी दौरान एसीबी ने उन्हें रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। मामलतदार समेत कार्यालय के चार कर्मचारियों की घूस मामले में गिरफ्तारी से पूरे जिले के सरकारी महकमे में हड़कंप मच गया है। एसीबी आगे की कार्रवाई में जुटी है।
Published on:
26 May 2020 09:41 pm
बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
ट्रेंडिंग
