दमकल विभाग के जवानों ने जनरल वार्ड में भर्ती बारह तथा आइसीयू वार्ड में भर्ती दो समेत १४ मरीजों को रेसक्यू कर बाहर निकाला। इसके अलावा बिल्डिंग में मौजूद अन्य लोगों को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। लोगों ने दमकल विभाग के जवानों के साथ राहत कार्य में मदद की। दमकल विभाग के अधिकारी ओमप्रकाश मिश्रा ने बताया कि दो स्टेशन से टीम मौके पर पहुंची थीं। आग छोटी थी, लेकिन धुआं फैलने से लोगों को दिक्कत हो रही थी। कॉम्प्लेक्स के पहली मंजिल के अस्पताल में भर्ती मरीजों को सबसे पहले बाहर निकाला गया। दूसरी टीम कॉम्प्लेक्स से अन्य लोगों को बाहर निकालने में जुटी थी।