
वर्किंग वुमन हॉस्टल को टीएससी की हरी झंडी
सूरत. टेंडर स्क्रूटनी कमेटी (टीएससी) की बुधवार को हुई बैठक में तय हुआ कि अधिकारियों और पदाधिकारियों के लिए किराए की गाडिय़ों के प्रस्ताव पर ठेकेदार भाव कम नहीं करते हैं तो इसे रिइन्वाइट किया जाएगा। टीएससी ने अडाजण में वर्किंग वुमन हॉस्टल के प्रस्ताव पर सहमति जताते हुए हरी झंडी दे दी। बैठक में एजेंडे में शामिल अन्य प्रस्तावों को भी मंजूर कर लिया गया।
मनपा प्रशासन अधिकारियों और पदाधिकारियों के लिए किराए पर वाहनों को लेने जा रहा है। इसके लिए प्रस्ताव मंगाए गए थे। वैन के लिए पहले 24,500 रुपए प्रति माह किराए का प्रस्ताव आया था, जिसे आयुक्त ने 21,500 रुपए करने की हिदायत के साथ लंबित रखा था। दो ठेकेदारों के ही संशोधित प्रस्ताव पर सहमति जताई है। इसके अलावा वैगन आर के लिए 29 हजार रुपए के प्रस्ताव को घटाकर 26,500 रुपए करने पर कोई ठेकेदार सहमत नहीं हुआ। एक ठेकेदार ने दर घटाकर 28 हजार रुपए करने का प्रस्ताव दिया था। बुधवार को हुई टीएससी की बैठक में आयुक्त ने पूर्व में तय की गई दरों पर ही ठेकेदारों से वाहन लगाने के लिए बात करने की हिदायत दी। उन्होंने साफ किया कि यदि ठेकेदार सहमत नहीं होते हैं तो टेंडर को रिइन्वाइट किया जाएगा।
एजेंडे में शामिल अडाजण में वर्किंग वुमन हॉस्टल के प्रस्ताव को मंजूर कर लिया गया। यह हॉस्टल परशुराम गार्डन के समीप खाली पड़े 48 सौ वर्गमीटर के प्लॉट के आधे हिस्से में 24 सौ वर्गमीटर जगह पर बनाया जाएगा। इस प्रोजेक्ट पर 3.90 करोड़ रुपए खर्च होंगे, जिसमें 75 फीसदी ग्रांट केंद्र सरकार से मिलेगी और शेष 25 फीसदी खर्च मनपा को वहन करना होगा। 96 बैड की क्षमता के इस वर्किंग वुमन हॉस्टल में दिन के समय कामकाजी महिलाओं के बच्चों की सार-संभाल के लिए 30 बच्चों की क्षमता का डे केयर सेंटर बनाया जाना है। बैठक में एजेंडे में शामिल अन्य प्रस्तावों को भी मंजूर कर लिया गया।
Published on:
1 Aug 2018, 9:07 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.