5 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

GUJARAT POLITICAL NEWS: 71 विधायक आज राजस्थान कूच करेंगे, 48 जाएंगे मध्यप्रदेश

- प्रथम चरण में पार्टी के सभी विधायक 10 दिन तक निर्धारित विधानसभा क्षेत्र में रुकेंगे - प्रवासी कार्यकर्ताओं को भी सक्रिय रहने के निर्देश

2 min read
Google source verification
GUJARAT POLITICAL NEWS: 71 विधायक आज राजस्थान कूच करेंगे, 48 जाएंगे मध्यप्रदेश

GUJARAT POLITICAL NEWS: 71 विधायक आज राजस्थान कूच करेंगे, 48 जाएंगे मध्यप्रदेश

सूरत. गुजरात भाजपा एक बार फिर से पड़ोसी धर्म निभाने को तैयार है। पार्टी संगठन ने पड़ोसी राज्य राजस्थान व मध्यप्रदेश में चुनावी चुनौतियों को देखते हुए प्राथमिक स्तर पर प्रदेश के 119 विधायकों का चयन किया है। ये सभी विधायक शुक्रवार को जयपुर व भोपाल के लिए रवाना होंगे। राजस्थान में पार्टी के 71 विधायक और मध्यप्रदेश में 48 विधायक प्रथम चरण में 10 दिन के प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे पार्टी संगठन की ओर से निर्धारित विधानसभा क्षेत्र में जाएंगे और वहां की राजनीतिक स्थिति का आंकलन करेंगे।

राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना व मिजोरम में अगले दो-तीन महीनों में विधानसभा चुनाव होने हैं। भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने गुजरात भाजपा संगठन को पड़ोसी राजस्थान व मध्यप्रदेश की जिम्मेदारी सौंपी है। यह जिम्मेदारी संभालने के बाद प्रदेश भाजपा इकाई ने चरणबद्ध कार्यक्रम तैयार किया है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. यग्नेश दवे ने इस बारे में बताया कि गुजरात भाजपा को मिली जिम्मेदारी के अनुसार पार्टी के 71 विधायक राजस्थान और 48 विधायक शुक्रवार को मध्यप्रदेश के लिए रवाना होंगे। प्रथम चरण में सभी 119 विधायक वहां 10 दिन के प्रवास पर रहेंगे। इसके बाद वापस गुजरात लौटकर अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र में प्रवासी कार्यकर्ताओं के साथ समूह बैठकों में भाग लेंगे। इसके एक महीने बाद पूरे एक माह के लिए सभी विधायक राजस्थान व मध्यप्रदेश में निर्धारित विधानसभा क्षेत्र में प्रवासी कार्यकर्ताओं के साथ पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में कमान संभालेंगे।

-राजधानी में होगी वर्कशॉप, फिर मिलेगी विधानसभा:

पहली बार गुजरात से इतनी बड़ी संख्या में भाजपा विधायक राजस्थान व मध्यप्रदेश के चुनाव में पार्टी की जिम्मेदारी संभालने जाएंगे। ये सभी विधायक शुक्रवार को जयपुर व भोपाल रवाना होंगे और शनिवार को वहां प्रदेश मुख्यालय में आयोजित वर्कशॉप में भाग लेंगे। इसके बाद सभी विधायकों को विधानसभा व चुनाव संबंधी जानकारी व जिम्मेदारी दी जाएगी।

- सूरत के ज्यादातर विधायक मध्यप्रदेश :

सूरत महानगर व जिले के ज्यादातर विधायकों को मध्यप्रदेश की जिम्मेदारी सौंपी गई है। लिंबायत की विधायक संगीता पाटिल ने बताया कि वे शुक्रवार को भोपाल जाएगीं। वहीं, सूरत पश्चिम के विधायक व पूर्व मंत्री पूर्णेश मोदी राजस्थान जाएंगे। मोदी के मुताबिक, भाजपा के सभी विधायक अपने कार्य अनुभव का उपयोग साथी प्रवासी कार्यकर्ताओं के राजस्थान व मध्यप्रदेश के चुनाव में करेंगे।

- लोकसभा चुनाव की भी तैयारियां :

अगले वर्ष होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारियां भाजपा संगठन की ओर से विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जारी है। हर घर तिरंगा, तिरंगा यात्रा, मेरी माटी-मेरा देश, विभाजन विभीषिका दिवस, मशाल यात्रा आदि के आयोजन शामिल हैं। गुजरात भाजपा संगठन के ज्यादातर पदाधिकारी व सदस्य लोकसभा चुनाव की तैयारियों में व्यस्त हैं और चुने हुए विधायकों को राजस्थान-मध्यप्रदेश की जिम्मेदारी मिली है।

- जनक बगदाणा, प्रदेश उपाध्यक्ष, गुजरात भाजपा इकाई।