
घर-आंगन में सजने लगी रंगोली
सिलवासा. कार्तिक द्वादशी रविवार से दीपावली पर्व के उपलक्ष में घर-आंगन में रंगोलियां सजने लगी है। रात को घरों के आंगन दीपमाला से जगमगाने लगे है वहीं, सुबह लक्ष्मी माता के स्वागत में घर के प्रवेश द्वार पर रंग-बिरंगी रंगोलियां सज गई है।
घर के आंगन में रंगोली बनाने की प्रथा वर्षों पुरानी है। दीपावली पर घर-घर प्रवेशद्वार पर सुबह-शाम नई रंगोली बनाई जाती हैं। बाजारों में रंगोली के लिए रंगों की बिक्री जमकर होने लगी है। व्यापारियों के अनुसार महंगाई का असर रंगोली के रंगों पर भी पड़ा है। रंग, अभ्रक के भाव बढऩे से रंग पिछले वर्ष की तुलना में 20 से 25 प्रतिशत बढ़े हैं। विक्रेता कांतिलाल माली ने बताया कि रंगोली के 25 से 30 से तरह के कलर बाजार में उपलब्ध हैं। ग्राहक ज्यादातर सफेद, काला, हरा, ब्राउन, पीला, गुलाबी, मेहरून, बादामी रंग की डिमांड करते है। रंगोली तैयार करने के लिए डिजाइनिंग सीट बाजार में आ गई है। अच्छी क्वालिटी की रंगोली रायपुर, नागपुर एवं लखनऊ से आयात की जाती है। सोमवार को धन तेरस होने से धनंवतरी व लक्ष्मी पूजा के लिए बड़ी संख्या में लोग घरों से बाहर निकले। किलवणी नाका, पंचायत मार्केट, आमली, टोकरखाड़ा के बाजारों की रौनक बढ़ गई है। महिलाओं ने बाजारों से मिठाई, बर्तन, कपड़े, अतिशबाजी, पूजा सामग्री, आभूषण खरीदे।
फुटपाथ पर सजी दुकाने
दीपावली पूजन का सामान एवं रंगोली के रंग बाजारों के फुटपाथ पर बिकने लगे है। व्यापारियों ने दुकान के आगे टेंट बांधकर पूजा सामग्री, मिठाई, घरेलु उपकरण, सजावटी सामान, मिट्टी के दीप, मोमबत्ती आदि सजा लिए है। बाजारों में एकादशी से ग्राहकी बढ़ गई है। इस बार धन तेरस व लक्ष्मी पूजा पर ज्वैलर्स व्यापारियों का सोना व चांदी के सिक्कों की बिक्री पर खास ध्यान है। व्यापारियों ने सोने के एक ग्राम से 10 ग्राम तक के आकर्षक सिक्के बाजार में उतारे हैं।
धन तेरस पर स्टॉक निकालने की तैयारी
सिलवासा. रोशनी के पर्व पर बाजारों में ग्राहकों की भीड़ बढ़ गई है। व्यापारियों द्वारा खरीदे गए सामान के साथ गिफ्ट या उपहार देने से ग्राहकी में इजाफा हुआ है। बाजार में जगह-जगह सेल शुरू हो गई है। शहर के पंचायत मार्केट, किलवणी नाका, टोकरखाड़ा की दुकानों में ग्राहकों का मेला लग गया है।
गत सप्ताह तक बाजारों में खास चहल-पहल नहीं थी। एकादशी से कपड़े, पूजन सामग्री, इलेक्ट्रोनिक्स, इलेक्ट्रिकल सामान, आभूषण, बर्तन, मिठाई की दुकानों पर भीड़ बढ़ गई हैं। दुकानों से पूजन सामग्री, मिठाई, कपड़े, बर्तन, घरेलु वस्तुएं, इलेक्ट्रॉनिक एवं इलेक्ट्रिकल आयटमों की ज्यादा मांग हैं। जीएसटी की वजह से वस्तुएं 20 से 30 प्रतिशत महंगी हुई हैं, लेकिन व्यापारियों ने स्टॉक में रखे पुराने कपड़े, फ्रीज, टीवी, वाशिंग मशीन की बिक्री के लिए विशेष छूट दी है। पुराना स्टॉक निकालने के लिए बड़ी दुकानों पर ऑफर के बोर्ड लग गए हैं। दीपावली पर रखोली, खानवेल और नरोली के बाजारों में भी लोगों को मेला लगने लगा है।

Published on:
04 Nov 2018 07:42 pm
बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
ट्रेंडिंग
