
File Image
सूरत. मार्च महीने में शहर के सभी सब रजिस्ट्रार कार्यालयों में दूसरे और चौथे शनिवार की छुट्टी रद्द करने के निर्णय से राज्य सरकार को 15 करोड़ रुपए से अधिक आय हुई है। इन दो दिनों के दौरान शहर के सब रजिस्ट्रार कार्यालयों में कुल 2150 संपत्तियों की रजिस्ट्री हुई।
वित्त वर्ष के अंतिम महीने यानी मार्च महीने में शहर के सब रजिस्ट्रार कार्यालयों में संपत्ति की रजिस्ट्री के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। ऐसे में राज्य सरकार के आदेश पर जिला कलेक्टर ने मार्च महीने के चौथे और दूसरे शनिवार की छुट्टियां रद्द कर रजिस्ट्री का कामकाज जारी रखने का आदेश दिया था। जिससे लोगों को छुट्टी के दिन भी रजिस्ट्री करने के लिए समय दिया गया था। रजिस्ट्री निरीक्षक संदीप सवाणी ने बताया कि आदेशानुसार 11 और 25 मार्च को शहर के सूरत-1(अठवा), सूरत-2(उधना), सूरत-3(नवागाम),सूरत-4(कतारगाम), सूरत-5(अलथाण), सूरत-6 (कुंभारिया), सूरत-7(हजीरा), सूरत-10(नानपुरा), कामरेज, मांगरोल, ओलपाड और पलसाणा सब रजिस्ट्रार कार्यालय में कामकाज जारी रखा गया था। 11 मार्च को 625 संपत्तियों की रजिस्ट्री हुई, जिससे सरकारी की तिजोरी में 3,58,88,792 रुपए जमा हुए। वहीं, 25 मार्च को 1525 संपत्तियों की रजिस्ट्री हुई, जिससे सरकार को 11,63,62,696 रुपए की स्टाम्प ड्यूटी की आय हुई। यानी छुट्टियों के दो दिनों में 2150 संपत्तियों की रजिस्ट्री हुई और इससे राज्य सरकार को 15,22,51,488 रुपए की आय हुई।
Published on:
30 Mar 2023 08:05 pm
