
बनड़ो सो लागे, झूला म्ह बैठ्यो म्हारो सांवरो...
सूरत. श्रावण कृष्ण द्वाद्वशी के अवसर पर बुधवार को श्रीश्याम अखण्ड ज्योत सेवा समिति महिला इकाई की ओर से श्रीश्याम सावन सिंधारा उत्सव का आयोजन वेसू के आशीर्वाद एवेन्यू परिसर में किया गया। भजनों की प्रस्तुति पर सदस्य महिलाएं झूम उठीं।
इकाई अध्यक्ष अंजू लील्हा ने बताया कि दोपहर तीन बजे से आयोजित उत्सव में बाबा श्याम के शृंगारित दरबार में अखण्ड ज्योत प्रज्ज्वलित की गई। बाद में इकाई की सदस्य और पदाधिकारी महिलाओं ने बाबा श्याम को भजनों से रिझाया। मैया छोटे से कन्हैया का सिंधारा कर दे..., तुझे झूले में झुलाउंगा, सावन को आने दो...आदि भजनों की प्रस्तुति पर सदस्य महिलाएं झूम उठीं।
इकाई की मीडिया प्रभारी सरोज अग्रवाल ने बताया कि उत्सव में सभी महिलाएं अपने-अपने घरों से लड्डूगोपाल भगवान को मीनाकारी जरदोषी वर्क, हीरे-मोतियों के जड़ाऊ गहने, फैंसी चश्मे, तिरंगी टोपी, फैंसी कलात्मक वस्त्रों में सजा-धजाकर लाई थी। भजनों पर लड्डूगोपाल को हाथ में लेकर नृत्य किया गया। उत्सव में बाबा को झूला झुलाया गया, पुष्पवर्षा और इत्रफुहार, चॉकलेट-बधाई वितरण के अलावा खीर-चूरमा, माखन, केसर दूध का भोग बाबा को परोसा गया।
स्कूल का नाम किया रोशन
कला महाकुंभ में स्कूल बैंड प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न स्कूल के बैंड ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में वेसू के एस.डी.जैन स्कूल के बैंड ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रथम स्थान हासिल किया। बैंड में 21 विद्यार्थी थे। सभी को एक हजार रुपए के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
राष्ट्रीय विज्ञान नाट्य स्पर्धा
जिला लोक विज्ञान केन्द्र की ओर से रांदेर के संस्कार भारती स्कूल में राष्ट्रीय विज्ञान नाट्य स्पर्धा का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने विज्ञान और समाज की थीम पर कई नाटक प्रस्तुत किए। डिजिटल भारत, ग्रीन एंड क्लीन एनर्जी, पर्यावरण, स्वास्थ्य, स्वच्छता विषय पर भी नाटक प्रस्तुत किए गए। इसमें जिले की 15 स्कूलों के 150 विद्यार्थियों और शिक्षकों ने हिस्सा लिया। विजेता विद्यार्थियों और स्कूल को पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

Published on:
08 Aug 2018 10:17 pm
बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
ट्रेंडिंग
