
SURAT NEWS DAYRI: महामृत्युंजय महायज्ञ में दी आहुतियां
सूरत. कोरोना महामारी में दिवंगतों की आत्मा की शांति व वातावरण शुद्धि-प्राणवायु वृद्धि के भाव के साथ विश्व हिन्दू परिषद महानगर इकाई की ओर से शहर के विभिन्न जिलों में महामृत्युंजय महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। रविवार को वराछा जिले में मिनी बाजार स्थित परिषद कार्यालय में महामृत्युंजय महायज्ञ व सामूहिक संकल्प हवन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महायज्ञ के दौरान विधिविधान से सभी देवी-देवताओं का आह्वान कर पूजा-आराधना की गई और बाद में गायत्री मंत्र व महामृत्युंजय मंत्रों के साथ यज्ञवेदी में आहुतियां दी गई। इस अवसर पर कोरोना महामारी में दिवंगत सभी आत्माओं की शांति की प्रार्थना की गई। कार्यक्रम के दौरान विहिप के दक्षिण गुजरात अध्यक्ष दिनेश नावडिय़ा, संगठन मंत्री विक्रमसिंह भाटी, रमेश गोयानी, भीम पसरीचा, कमलेश क्याडा, कृष्णमुरारी शर्मा, हितेश जैन, वैद्य आनंद रामावत, मातृशक्ति संयोजिका ज्योति शनिचरा, कुसुम आदि मौजूद थे।
प्रदेश युवा कार्यकारिणी गठित
सूरत. अखिल भारतीय वैश्य महासंगठन की प्रदेश युवा कार्यकारिणी का गठन किया गया है। इसमें प्रदेश अध्यक्ष नवल सोनी, प्रदेश महामंत्री अमित मित्तल व प्रदेश मंत्री के रूप में अतुल मोहता की नियुक्ति राष्ट्रीय महामंत्री विश्वनाथ पचेरिया व गुजरात प्रदेश महामंत्री बसंत खेतान की अनुशंषा पर राष्ट्रीय अध्यक्ष अंकुर मित्तल ने की है।
महेश नवमी के सिलसिले में वर्चुअल मीटिंग आयोजित
सूरत. माहेश्वरी समाज के उत्पत्ति दिवस के उपलक्ष में महेश नवमी महोत्सव आगामी 19 जून को मनाया जाएगा। महोत्सव की तैयारियों के सिलसिले में रविवार को सूरत जिला माहेश्वरी सभा की ऑनलाइन मीटिंग आयोजित की गई। मीटिंग में जिला सभा की 12 क्षेत्रीय सभा व सहयोगी संस्था-संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे। वर्चुअल मीटिंग में अध्यक्ष अविनाश चांडक व सचिव संदीप धूत ने महेश नवमी महोत्सव के बारे में विस्तार से जानकारी दी और इस दौरान महेश सप्ताह के अन्तर्गत विभिन्न कार्यक्रमों में बारे में भी बताया। महेश सप्ताह के दौरान समाज के सभी उम्र वर्ग, माता-बहनों के लिए अलग-अलग आयोजन किए जाएंगे। मीडिया प्रभारी जय सारदा ने बताया कि महोत्सव के दौरान रक्तदान, वैक्सीनेशन, पौधारोपण, योग-प्राणायाम, वेबिनार आदि के आयोजनों के लिए जिला स्तर पर एक संयोजक व टीम में चार-चार संयोजक भी जोड़े गए हैं।
जरूरतमंदों को परोसा भोजन
सूरत. कुमावत समाज ट्रस्ट की ओर से रविवार को पुणागांव स्थित कुमावत समाज भवन में श्रीकृष्ण भोजनशाला की शुरुआत की गई और जरुरतमंदों के बीच ढाई सौ भोजन पैकेट वितरित किए गए हैं। इस संबंध में ट्रस्ट के सचिव कैलाश घोड़ावड़ ने बताया कि कुमावत समाज ट्रस्ट संचालित श्रीकृष्ण भोजनशाला से प्रत्येक रविवार को शहर के विभिन्न क्षेत्र में जरुरतमंदों के बीच पांच सौ भोजन पैकेट्स पहुंचाए जाने का संकल्प कार्यक्रम में किया गया। इस अवसर पर समाज अध्यक्ष सम्पतराज बाकरेचा, कोषाध्यक्ष गोपाराम नोंदियाल, पूर्व अध्यक्ष सम्पतराज खरनालिया, ओमप्रकाश घोड़ावड़, पुखराज लारना, बनवारीलाल मालीवाड़, तेजाराम, चंद्राराम, खेमाराम समेत अन्य सदस्य-पदाधिकारी मौजूद थे।
सोसायटी में रोपे पौधे
सूरत. अग्रवाल समाज, अलथान व अग्रवाल विकास महासभा गुजरात युवा इकाई की ओर से रविवार को अलथान क्षेत्र की आवासीय सोसायटियों में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान भाजपा महानगर इकाई के महामंत्री किशोर बिंदल, पार्षद रश्मि साबू व सुमन गाडिया, भाजपा शहर कारोबारी सदस्य विमल गर्ग, अग्रवाल समाज के अग्रणी विश्वनाथ पचेरिया समेत अन्य मेहमान मौजूद थे। इस दौरान रघुवीर सैफरॉन, ग्रीन विक्टरी, रघुवीर सिम्फनी आदि आवासीय सोसायटियों में पौधे रोपे गए।
वैक्सीनेशन सेंटर पर टीकाकरण
सूरत. न्यू सिटीलाइट रोड स्थित श्रीमेहंदीपुर बालाजी मंदिर धाम प्रांगण में जारी वैक्सीनेशन सेंटर पर लोगों का कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण जारी है। संचालकों ने बताया है कि कोवैक्सीन की फस्र्ट डॉज के 28 दिन बीतने के बाद दूसरी डॉज लेने के लिए ईच्छुक व्यक्ति आधारकार्ड व फस्र्ट डॉज के प्रमाणपत्र के साथ मंदिर प्रांगण आ सकते हैं। मंदिर पर टीकाकरण सुबह 10 से दोपहर साढ़े तीन बजे तक किया जा रहा है।
Published on:
30 May 2021 09:14 pm
बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
ट्रेंडिंग
