
SURAT NEWS DAYRI: पहला सुख निरोगी काया सप्ताह 4 दिसंबर से मनाएंगे
सूरत. अग्रवाल समाज ट्रस्ट महिला इकाई की ओर से मातृशक्ति के लिए पहला सुख निरोगी काया.. सप्ताह का आयोजन 4 दिसंबर से किया जाएगा। आयोजन ट्रस्ट संचालित घोड़दौड़रोड स्थित अग्रवाल समाज हेल्थ सेंटर में किया जाएगा। इकाई की अध्यक्ष रेखा जालान ने बताया कि 4 दिसंबर से आयोजित पहला सुख निरोगी काया सप्ताह के दौरान आंख, नाक, कान की जांच के अलावा हड्डी रोग, मधुमेह रोग व सामान्य शारीरिक जांच अनुभवी चिकित्सकों द्वारा की जाएगी। ट्रस्ट ने बताया कि सेंटर की ओर से बाद में वरिष्ठ सदस्यों की शारीरिक जांच सप्ताह, हड्डी रोग जांच आदि के शिविर भी किए जाएंगे।
सुरंग से श्रमिकों की सुखद वापसी के लिए दी आहुतियां
सूरत. उत्तरकाशी में निर्माणाधीन टनल में 17 दिन से फंसे 41 श्रमिकों की सुखद वापसी के लिए मंगलवार को शहर के सोनी फलिया स्थित आर्य समाज मंदिर में विशेष प्रार्थना कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आर्य समाज के मंत्री रोहित शर्मा ने इस संबंध में बताया कि मंगलवार रात तक टनल में 17 दिनों से फंसे श्रमिकों की सुखद वापसी के संकेत मिले हैं। आर्य समाज ने श्रमिकों की निर्विघ्न वापसी के लिए आर्य समाज भवन में 5100 महामृत्युंजय मंत्र जाप के साथ यज्ञ-हवन व प्रार्थना कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान आर्य समाज के कोषाध्यक्ष मनमोहन शर्मा, गजानंद शास्त्री, सुनील शास्त्री, नागेंद्र, दीपक, तुषार, धर्मराज आदि ने मंत्रजाप के साथ आहुतियां दी।
मुनिवृंद का तेरापंथ भवन से विहार
सूरत. उधना तेरापंथ भवन में चातुर्मास पूर्ण होने पर मुनि उदितकुमार समेत अन्य मुनिवृंद ने मंगलवार सुबह मंगल विहार किया। वे भवन से विहार कर चंदनवन सोसायटी पहुंचे। यहां पर बाद में आयोजित धर्मसभा में मुनि ने श्रद्धालुओं को संबोधित किया। चातुर्मास संपन्न होने के बाद मुनि उदितकुमार अपने सहवर्ती मुनि अनंतकुमार, मुनि रम्यकुमार और मुनि ज्योतिर्मयकुमार के साथ उधना स्थित तेरापंथ भवन से मंगलवार सुबह मंगल विहार कर चंदनवन सोसायटी पधारे। यहां उन्होंने एक वृतांत के माध्यम से श्रद्धालुओं को स्वार्थ छोड़ परमार्थ के लिए जीने की सीख दी।
Published on:
28 Nov 2023 09:16 pm
बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
ट्रेंडिंग
