
SURAT NEWS DAYRI: श्रीश्याम मंदिर में सजा फूलबंगला
सूरत. श्रावण शुक्ल एकादशी के उपलक्ष में बुधवार को श्रीश्याम मंदिर, सूरतधाम में वृंदावन के बांकेबिहारी मंदिर के समान फूलबंगला सजाया गया। श्रीश्याम सेवा ट्रस्ट प्रतिवर्ष श्रावण शुक्ल एकादशी पर श्रीश्याम मंदिर, सूरतधाम में फूलबंगला का शृंगार करवाता है। कोलकाता के कारीगरों ने विभिन्न किस्म के पुष्पों से श्रीश्याम मंदिर, सूरतधाम में फूलबंगले का शृंगार किया। शृंगारित फूलबंगले में बिराजे बाबा श्याम के दर्शन करने श्रद्धालुओं का बुधवार को दिनभर तांता लगा रहा। फूलबंगले का शृंगार गुरुवार द्वादशी पर भी रहेगा।
आज और कल मनाएंगे मुहर्रम
सूरत. शहर में मुहर्रम का त्योहार गुरुवार और शुक्रवार दो दिन मनाया जाएगा। इस दौरान गुरुवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बनाए गए चार फीट ऊंचे डेढ़ सौ से ज्यादा ताजिए दर्शन के लिए रखे जाएंगे और शुक्रवार को उन्हें स्थल पर ही ठंडे किए जाएंगे। शहर ताजिया कमेटी के प्रमुख असद कल्याणी ने बताया कि कोरोना की तीसरी लहर की आशंका में प्रशासन से विचार-विमर्श के बाद मुहर्रम के मौके पर ताजिया जुलूस स्थगित रखा गया है।
हरबंसलाल बने नए अध्यक्ष
सूरत. सूरत टैक्सटाइल मार्केट सोसायटी के नए अध्यक्ष मार्केट के कपड़ा व्यापारी व नवनिर्वाचित डायरेक्टर हरबंसलाल अरोड़ा को बनाया गया है। अरोड़ा के अध्यक्ष नियुक्त होने पर मार्केट सोसायटी के सभी नवनियुक्त डायरेक्टरों ने उन्हें बधाई दी।
बच्चों को धन से ज्यादा संस्कार की जरूरत
सूरत. श्रावण मास के उपलक्ष में सिटीलाइट स्थित प्रेमप्रकाश आश्रम में जारी प्रवचन शृंखला में संत पुष्करदास ने बुधवार सुबह कहा कि माता-पिता बच्चों को हद से ज्यादा रुपए-पैसे नहीं दे। उन्हें धन से ज्यादा संस्कार की जरूरत होती है। बच्चों को बाल्यकाल में ही सही संस्कार मिल गए तो समझ लो उन्हें सब मिल गया। संस्कार अच्छे होने से बच्चे स्वयं का तो कल्याण करेंगे ही साथ में माता-पिता को भी सुख देंगे और उनके परलोक जाने पर भी उनकी स्मृति में लोक कल्याण के कार्य में सक्रिय रहेंगे। बचपन में संस्कार की अहमियत के लिए संत ने कहानी भी सुनाई।
केंद्रीय राज्यमंत्री जरदोष को दी बधाई
सूरत. सूरत मर्कंटाइल एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को केंद्रीय राज्यमंत्री दर्शना जरदोष से मिलकर उन्हें बधाई दी है। भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री जरदोष से मिलने गए प्रतिनिधिमंडल में शामिल नरेंद्र साबू, अशोक गोयल, महेश पाटोदिया, राजकुमार चिरानिया, दुर्गेश टिबड़ेवाल आदि ने बधाई देते हुए सभी रेलगाडिय़ों के सूरत स्टॉपेज व सूरत कपड़ा मंडी के विकास संबंधी कई आवश्यक जानकारी उन्हें दी।
झूला उत्सव मनाया
सूरत. गौड़ ब्राह्मण महिला मंडल की ओर से श्रावण मास के उपलक्ष में बुधवार को गोपाल संग झूला उत्सव मनाया गया। उधना में खरवरनगर स्थित परशुराम भवन में आयोजित उत्सव के दौरान समाज की महिलाओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लिया।
Published on:
18 Aug 2021 08:57 pm
बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
ट्रेंडिंग
