
SURAT NEWS: कन्या स्वरूपा देवियों के पूजन की आज से शुरुआत
सूरत. मां जगदम्बा के प्रथम स्वरूप शैलपुत्री की पूजा-अर्चना से जारी नवरात्र पर्व में रविवार को महागौरी मां की पूजा-आराधना की जाएगी और सामूहिक कन्या पूजन के आयोजन जगह-जगह पर किए जाएंगे। इस अवसर पर पार्ले प्वाॅइंट में अंबिका निकेतन स्थित अम्बाजी मंदिर, वराछा स्थित उमिया माता मंदिर, बालाजी रोड स्थित जूना अम्बाजी मंदिर, परवत पाटिया स्थित भक्तिधाम मंदिर के अलावा दुर्गा पंडाल में भी श्रद्धालुओं की भीड़ मातारानी के दर्शन के लिए जमा होगी। कन्या पूजन का दौर अष्टमी के बाद नवमी तिथि के मौके पर सोमवार को भी शहर में बड़े पैमाने पर आयोजित किया जाएगा।
- सजा मां मनसादेवी का दरबार :
नवरात्र की अष्टमी के मौके पर कोसाड-भरथाना स्थित मां मनसादेवी मंदिर में मंगल आरती, पंचामृत अभिषेक, कन्या पूजन, दुर्गासप्तशती पाठ समेत अन्य कई कार्यक्रम रविवार को आयोजित किए जाएंगे। इस मौके पर मंदिर की विशेष सजावट की गई और मां मनसादेवी का विशेष श्रृंगार किया गया।
- छप्पनभोग की झांकी आज :
सिटीलाइट के वैष्णोद्वार में माताजी के सान्निध्य में नित नए आयोजनों के बीच अष्टमी के मौके पर रविवार को मां वैष्णोदेवी के दरबार में छप्पनभोग की झांकी सजाई जाएगी। यहां कन्या पूजन का आयोजन नवरात्र पर्व की नवमी तिथि पर सोमवार शाम सिटीलाइट स्थित तेरापंथ भवन में किया जाएगा।
- सामूहिक रूप से की आराधना :
नवरात्र पर्व पर श्रीमहर्षि गौतम गुर्जरगौड़ ब्राह्मण सेवा समिति महिला इकाई की ओर से माताजी की विशेष आराधना का कार्यक्रम परवत पाटिया स्थित बृजभूमि सोसायटी प्रांगण में आयोजित किया गया। इस दौरान समाज की महिलाएं व अन्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे और कार्यक्रमों में शामिल हुए।
- राधाकृष्ण मंदिर में खेले गरबा :
पार्ले प्वाॅइंट स्थित राधाकृष्ण मंदिर प्रांगण में नवरात्र पर्व के मौके पर धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजनों का दौर जारी है। शनिवार को मंदिर प्रांगण में कन्या स्वरूपा देवी की जीवंत झांकी के समक्ष श्रद्धालु महिला-पुरुषों ने गरबा नृत्य में भाग लिया।
-उमिया माता मंदिर में महाआरती आज :
महाष्टमी के मौके पर रविवार रात वराछा में अश्विनीकुमार रोड स्थित उमिया माता मंदिर प्रांगण में एक साथ हजारों महिला-पुरुष महाआरती करेंगे। इसके बाद परंपरागत तरीके से मंदिर प्रांगण में गरबा नृत्य का आयोजन भी किया जाएगा।
Published on:
21 Oct 2023 09:45 pm
बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
ट्रेंडिंग
