
SURAT SPECIAL NEWS: प्रवासी राजस्थानी समाज ने पुणा थाने का किया घेराव
सूरत. परवत पाटिया क्षेत्र में सोमवार रात्रि दो-तीन युवकों की पुलिस पिटाई और धमकी से नाराज प्रवासी राजस्थानी समाज मंगलवार सुबह पुणा पुलिस थाने पर जमा हो गया। चार-पांच घंटे तक आक्रोश व्यक्त करने और आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग के बाद आखिर आरोपी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध शिकायत दर्ज करने के बाद लोग थाने से हटे।प्रवासी राजस्थानी बहुल परवत पाटिया क्षेत्र में आए दिन पुलिसकर्मियों के दुर्व्यवहार के शिकार लोग बनते रहते हैं। सोमवार रात क्षेत्र में बृजभूमि सोसायटी के दो युवक मनीष व कौशल घर लौट रहे थे। इस दौरान वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने पहले अपशब्द कहे और फिर मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान वहां मौजूद एक अन्य युवक देवेंद्र पुलिसकर्मियों के दुर्व्यवहार का मोबाइल से वीडियो बनाने लगा तो उसके साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि मारपीट के बाद तीनों युवकों को पुलिस ने किसी से कुछ नहीं बताने के लिए भी धमकाया। घर लौटने पर परिजनों को युवकों के साथ मारपीट का पता चला तो रात्रि में ही आवश्यक उपचार करवाया गया। उधर, घटना की जानकारी मंगलवार सुबह परवत पाटिया क्षेत्र में तेजी से फैल गई। इसके बाद प्रवासी राजस्थानी समाज के कई लोग पुणा पुलिस थाने पहुंच गए। थाने में मौजूद पुलिस अधिकारियों ने पहले मामले को रफा-दफा करने की कोशिश की, लेकिन लोगों की नाराजगी अधिक होने से इसमें सफलता नहीं मिली।
- चार-पांच घंटे थाने में डटे रहे लोग :
युवकों के साथ मारपीट के आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रवासी राजस्थानी समाज के लोग सुबह आठ बजे से ही पुणा पुलिस थाने में जमा होने लगे थे। इस बात की जानकारी मिलने पर विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संगठनों के लोग भी थाने पहुंचे। सभी लोग थाने में करीब चार-पांच घंटे तक डटे रहे और आखिर में आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ पुलिस शिकायत दर्ज किए जाने के बाद वहां से हटे।
Published on:
22 Aug 2023 08:21 pm
बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
ट्रेंडिंग
