11 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

SURT FALGUN NEWS: सूरत में दिखा रींगस से खाटूधाम यात्रा का नजारा

-एक हजार से ज्यादा युवा निशान यात्री रहे शामिल, डीजे पर गूंजती रही श्यामभक्ति की धुनें  

less than 1 minute read
Google source verification
SURT FALGUN NEWS: सूरत में दिखा रींगस से खाटूधाम यात्रा का नजारा

SURT FALGUN NEWS: सूरत में दिखा रींगस से खाटूधाम यात्रा का नजारा

सूरत. फाल्गुन मेले का खाटूधाम के समान नजारा अब श्रीश्याम मंदिर, सूरतधाम में भी दिखने लगा है। बुधवार रात्रि फ्रेंड्स ऑफ श्याम ग्रुप की ओर से अनूठी निशान ध्वज पदयात्रा निकाली गई। यात्रा में रींगस से खाटूधाम के यात्रा मार्ग को जीवंत करने का प्रयास ग्रुप के युवा सदस्यों की ओर से किया गया।
फ्रेंड्स ऑफ श्याम ग्रुप ने बताया कि शाम सात बजे वेसू में वीआईपी रोड स्थित गेल कॉलोनी के निकट रींगस में परसरामपुरिया धर्मशाला के समान निशान भवन बनाया गया। यहां पर सभी पदयात्रियों ने निशान ध्वज की पूजा-आरती की और बाबा श्याम के जयकारों के साथ बाजे-गाजे से रवानगी ली। गेल कॉलोनी से श्रीश्याम मंदिर, सूरतधाम की छह किमी लंबी यात्रा के दौरान लाइट डेकोरेशन के साथ-साथ लाइव बैंड पर गूंजती श्यामभक्ति की धुने सभी को आकर्षित करती रही। लाइव बैंड के दौरान स्थानीय कलाकारों ने श्यामभक्ति के भजनों की प्रस्तुति भी दी। भजनों पर नाचते-झूमते और बाबा के जयकारे लगाते हुए श्यामभक्त पदयात्रियों का रास्ते में श्रीरंगीला श्याम सेवा समिति, श्री श्याम सेवक परिवार समेत अन्य श्यामप्रेमी संगठनों की ओर से पुष्पवर्षा से स्वागत किया गया। यात्रा के आयोजक फ्रेंड्स ऑफ श्याम ग्रुप के सदस्यों ने रास्ते में साफ-सफाई का भी ध्यान रखा और यात्रा के दौरान सडक़ पर फैला कचरा हटाया। यात्रा में एक हजार से ज्यादा निशान ध्वज पदयात्रियों के अलावा बड़ी संख्या में अन्य श्रद्धालु भी मौजूद थे। श्रीश्याम मंदिर, सूरतधाम के निकट खाटूधाम के समान तोरणद्वार विशेष रूप से बनाया गया। यहां पर भी पदयात्रियों पर पुष्पवर्षा की गई। बाद में सभी यात्रियों ने मंदिर पहुंचकर बाबा श्याम के दरबार में निशान ध्वज अर्पित किए।