
लाखों के जाली नोट और हथियार के साथ दो गिरफ्तार
भरुच. स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप की टीम ने भरुच जिले की नेत्रंग तहसील के कोकड़ी गांव में शनिवार को कार्रवाई कर 13.36 लाख के जाली नोट बरामद किए। मौके से चार अवैध पिस्टल तथा आठ कारतूस के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों से दो हजार, पांच सौ व 200 रुपए के कुल 13 लाख, 36 हजार, 700 रुपए बरामद किए। पकड़े गए आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है।
भरुच के पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र सिंह चूडास्मा ने बताया कि नेत्रंग तहसील के कोकड़ी गांव निवासी अशोक धनजी मकवाणा के मकान पर एसओजी के पीआई पी.एन. पटेल ने टीम के साथ छापा मारा। पुलिस को अशोक मकवाणा के मकान में जाली नोट बनाए जाने की जानकारी मिली थी। पुलिस ने अशोक मकवाणा के घर से दो हजार के ७७५, पांच सौ रुपए के ७५ नोट तथा २०० रुपए के ७४६ नोट सहित १३ लाख, ३६ हजार, ७०० रुपए के जाली नोट जब्त किए। इसके अलावा घर से चार पिस्टल, आठ जिन्दा कारतूस, लेपटॉप, स्केनर, प्रिंटर, सादा कागज भी मिले। पुलिस ने मकान से जाली नोट, अवैध हथियार तथा अन्य सामान सहित २० लाख, ९९ हजार, ५०० रुपए का सामान जब्त कर अशोक मकवाणा और उसके भतीजे जिगर मुकेश मकवाणा को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों से एसओजी पूछताछ कर रही है।
युवती ने की आत्महत्या
बारडोली. कामरेज तहसील के शेखपुर गांव में 21 वर्षीय युवती ने गले फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चला है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शेखपुर गांव के वेलंजा-शेखपुर मार्ग पर तुलसी होम्स सोसायटी और मूल अमरेली जिले के लाठी निवासी मुकेश केशु गोस्वामी की 21 वर्षीय पुत्री धारा ने शुक्रवार रात अपने कमरे में पंखे से दुपट्टा बांधकर फांसी लगा ली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है।
सांई मंदिर में १८ तोला सोने का हार चढ़ाया
बारडोली. बारडोली तहसील के धामडोद चौकड़ी स्थित सांई मंदिर में सांई बाबा की मूर्ति पर एक श्रद्धालु ने 18 तोला सोने का हार अर्पित किया।
सांई बाबा समाधि शताब्दी महोत्सव पर बारडोली के धामडोद चौकड़ी स्थित सांई उपासना चेरिटेबल ट्रस्ट संचालित सांई मंदिर में दशहरा पर्व धूमधाम से मनाया गया। महाराज पंकज व्यास के सान्निध्य में दिन भर हवन सहित कई धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बारडोली के वढवाणीया गांव के सांई भक्त आशीष रवीन्द्र देसाई और रवीन्द्र रतन देसाई ने सांई बाबा की मूर्ति के लिए 18 टोला सोने का हार अर्पित किया। इस मौके पर महाप्रसाद का आयोजन किया गया। मंदिर संचालक गणपतभाई पटेल और मोहनभाई पटेल ने दानदाताओं का आभार व्यक्त किया। संचालकों ने बताया कि मंदिर कि दिन-प्रतिदिन श्रद्धा बढ़ रही है। आगामी 11 दिसंबर को सामूहिक विवाह का आयोजन किया गया है।
Published on:
21 Oct 2018 12:37 pm
बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
ट्रेंडिंग
