
नवसारी. जिले की बिलीमोरा और विजलपोर नपा के लिए शनिवार को मतदान करवाया जाएगा। सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक बिलीमोरा में 45 और विजलपोर में 76 केन्द्रों पर मतदान संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा समेत सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली हैं। शुक्रवार को पोलिंग पार्टियों को उनके ड्यूटी केन्द्र पर भेज दिया गया। मतगणना सोमवार को होगी।
विजलपोर में 36 सीटों पर चुनाव
नवसारी जिले की विजलपोर नपा में 9 वार्ड की 36 सीटों के लिए मतदान होगा। इसके लिए 76 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। चुनाव संपन्न कराने के लिए इन मतदान केन्द्रों पर 364 कर्मियों को तैनात किया गया है। नपा विस्तार में 52 हजार 186 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। इसमें 28 हजार, 575 पुरुष और 23 हजार, 608 महिला व तीन अन्य मतदाता हैं। मतदान ईवीएम मशीन से किया जाएगा। भाजपा और कांग्रेस ने सभी 36 सीटों पर अपना उम्मीदवार उतारा है। जबकि बसपा के एक और नौ निर्दलीय उम्मीदवारों का भविष्य भी शनिवार को ईवीएम में कैद होगा। नए सीमांकन के कारण मतदाताओं को अपना मतकेन्द्र खोजने में परेशानी से बचने के लिए चुनाव अधिकारी प्रीति ठक्कर ने हेल्पलाइन नंबर 02637 257298 जारी किया है।
बिलीमोरा नपा के नौ वार्डों में चुनाव
बिलीमोरा नपा में भी नौ वार्ड की 36 सीटों पर शनिवार को चुनाव होगा। इसके लिए 45 मतदान केन्द्रों पर मतदान की व्यवस्था की गई है। सभी सीटों पर 28,940 मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसमें 19,752 पुरुष और 19,188 महिला मतदाता शामिल हैं। यहां भाजपा ने सभी 36 सीटों पर तथा कांग्रेस ने 25 सीटों पर ही उम्मीदवार उतारे हैं। जबकि यहां चुनाव लड़ रहे 70 निर्दलीय उम्मीदवार दोनों दलों का खेल बिगाड़ सकते हैं। मतदान के दिन किसी समस्या पर मतदाताओं के लिए यज्ञिका पटेल - 7203894604, काजल पटेल - 7574869495 और जागृति पटेल - 9979346671 हेल्पलाइन नंबर जारी किया है।
दोनों नपा में 50 मतकेन्द्र संवेदनशील
प्रशासन ने बिलीमोरा में 14 और विजलपोर नपा में 36 मतदान केन्द्रों को संवेदनशील माना है। इन केन्द्रों पर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के अतिरिक्त प्रबंध किए हैं।
वलसाड जिले की तीन नगरपालिकाओं में चुनाव आज
वलसाड. वलसाड जिले की तीन नगरपालिकाओं वलसाड, पारड़ी और धरमपुर में शनिवार को मतदान होगा। इसके लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। वलसाड नगरपालिका में 11 वार्ड की 44 सीटों पर मतदान होगा। इसके अंतर्गत पोलिंग पार्टियों को चुनावी सामग्री के साथ उनके स्थल पर भेज दिया गया है। जहां नहीं पहुंची है वहां सुबह पहुंचाई जाएंगी। मतदान को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए सभी केन्द्रों पर रात से ही पुलिस बंदोबस्त की जानकारी दी गई है। आवाबाई स्कूल से शुक्रवार को दिन में चुनाव कर्मियों को उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया। शहर के अब्रामा वाटर वक्र्स के पास धोबीतालाब और शुगर फलिया क्षेत्र के संवेदनशील केन्द्रों पर पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है। सोमवार को मतगणना आवाबाई स्कूल में संपन्न होगी।
पारडी और धरमपुर में भी चुनाव
पारड़ी और धरमपुर नगरपालिका का चुनाव भी शनिवार को होगा। इसमें पारड़ी नपा के आठ वार्ड की 32 सीटों पर 20 हजार, 905 मतदाता ईवीएम द्वारा मतदान करेंगे। यहां 32 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। दोनों ही प्रमुख पार्टियों के बीच ही यहां मुकाबला है। दोनों पार्टियों के 64 उम्मीदवारों का भाग्य ईवीएम में बंद होगा। 250 कर्मचारियों की ड्यूटी मतदान संपन्न करवाने में लगाई गई है।
वहीं, धरमपुर में छह वार्ड की 24 सीटों के लिए शनिवार को मतदान करवाया जाएगा। यहां 240 कर्मचारी 21 मतदान केन्द्रों पर मतदान संपन्न करवाएंगे। करीब 16 हजार मतदाता 53 उम्मीदवारों के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। यहां कोई केन्द्र संवेदनशील नहीं माना गया है।
Published on:
16 Feb 2018 09:31 pm
बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
ट्रेंडिंग
