नवापुर तहसील में गुरुवार रात हुई मूसलाधार बारिश ने तबाही मचा दी। रात 12 बजे से तड़के 3 बजे तक तीन घंटे में 144 मिमी बारिश दर्ज की गई। नवापुर से सटे गुजरात के डांग जिले में तेज बारिश से विसरवाड़ी गांव के पास सरपनी नदी में पानी की आवक से छोटा बांध टूट गया। आसपास के गांवों में पानी घुस जाने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। रात को अचानक पानी आ जाने से लोगों को सामान बचाने का समय तक नहीं मिला। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के 700 से अधिक पशु पानी में बह गए। गांव की चार महिलाओं सहित 5 जनों के भी पानी में बहने की जानकारी मिली है। तेज बारिश से शहर के देवल फलिया, बेलडपाडा, महादेव गली, ताईवाड, पठाण पार्क, इडधा रोड, भगवती वाडी, धरधारिया क्षेत्रों में पानी घुस गया।