सूरत को याकुत्सक शहर के साथ सिस्टर सिटी के रिश्ते में बांधने के लिए दोनों शहरों के बीच अक्टूबर में एमओयू होना है। इस रिश्ते में बंधने के बाद दोनों शहरों के बीच शैक्षणिक भागीदारी के साथ हीरा और अन्य गतिविधियों में व्यापारिक संबंध विकसित किया जाएगा। इसका लाभ दोनों शहरों को मिलेगा। मनपा प्रशासन ने इस प्रस्ताव को स्थाई समिति की शुक्रवार को होने वाली बैठक के एजेंडे पर लिया है। समिति की हरी झंडी के बाद मनपा प्रशासन इस दिशा में आगे बढ़ेगा।