
सूरत. लिम्बायत के मदनपुरा सब्जी मंडी इलाके में मामूली बात को लेकर हुए विवाद के बाद हमले की आशंका में दो भाइयों ने एक युवक पर धारदार हथियारों से हमला कर उसकी हत्या कर दी, जबकि उसके साथी को जख्मी कर दिया। पुलिस निरीक्षक सी.आर.जाधव ने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
लिम्बायत के मदनपुरा सब्जी मंडी इलाके में वारदात
पुलिस निरीक्षक सी.आर.जाधव ने बताया कि लिम्बायत शिवकृपा सोसायटी निवासी ऑटो रिक्शा चालक गणेश संतोष राणे (20) की अंबिकानगर निवासी अजय गुप्ता उर्फ अजय टमाटर (38) और उसके भाई संजय (35) ने हत्या कर दी। मदनपुरा सब्जी मंडी में सब्जी बेचने वाले अजय का इसी क्षेत्र के सत्रह वर्षीय किशोर अजय भंडारी के साथ मजाक में विवाद हो गया था। रविवार शाम गुप्ता ने भंडारी को थप्पड़ मार दिया। भंडारी ने गुप्ता से बदला लेने के लिए अपने मित्र गणेश राणे को फोन कर वहां आने के लिए कहा, लेकिन गणेश ने आने से मना कर दिया। रात करीब सवा बारह बजे गणेश अपने दो किशोर मित्रों पंकज मोरे और अजय के साथ मोटर साइकिल पर यह जानने के लिए मदनपुरा आया कि विवाद को लेकर क्या हुआ। गुप्ता बंधुओं ने उसे उनके घर के निकट खड़ा देखकर समझा कि वह उन पर हमला करने आया है। अजय गुप्ता हंसिया और उसका भाई संजय चाकू लेकर निकले। दोनों ने गणेश पर हमला कर दिया। गले, सिर, सीने और पीठ में गंभीर घाव लगने से गणेश की मौके पर ही मौत हो गई। पंकज ने बीच-बचाव का प्रयास किया तो वह जख्मी हो गया। उसे स्मीमेर अस्पताल ले जाया गया। उसे स्मीमेर अस्पताल ले जाया गया। वहां उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। पुलिस निरीक्षक सी.आर.जाधव ने बताया कि पुलिस ने पंकज की प्राथमिकी के आधार पर गुप्ता बंधुओं के खिलाफ मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
Published on:
18 Jun 2018 10:12 pm
बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
ट्रेंडिंग
