
Khajur ke ladoo
सर्दियों में खजूर के लड्डू शरीर को गर्मी देने के साथ साथ ताकत भी देते हैं। खजूर शरीर को ग्लूकोज, पोटेशियम और बहुत सारे विटामिंस देते हैं। यहां पढ़ें खजूर के लड्डू बनाने की रेसिपी -
सामग्री -
खजूर - 1 कप (100 ग्राम)
सूखा नारियल - आधा कप टुकड़े
घी - 2 टेबल स्पून
बादाम - 2 टेबल स्पून
काजू - 2 टेबल स्पून
छोटी इलाइची - 4
विधि -
खजूर को धोइए और पानी सूखने तक सुखा लीजिए, अब खजूर को छोटे छोटे टुकड़े में काट लीजिए और बीज निकालकर हटा दीजिए। एक काजू के ७-८ टुकड़े करते हुये काट लीजिए।
नारियल के टुकड़ों को मिक्सर जार में डालिए और पाउडर बना लीजिए। बादाम को भी पीस कर पाउडर बना लीजिए। खजूर के टुकड़े मिक्सर जार में डालकर, २ टेबल स्पून पानी डालकर दरदरे पीस लीजिए। इलाइची छील कर पाउडर बना लीजिए।
कढ़ाई में घी डालकर गरम कीजिए, घी में खजूर का पेस्ट डालिए और ४-५ मिनिट तक लगातार चलाते हुए नमी खतम होने तक भून लीजिए, गैस बन्द कर दीजिए, खजूर के भुने पेस्ट में नारियल पाउडर डाल कर मिला दीजिए, कटे हुए काजू भी डाल दीजिए, इलाइची पाउडर और बादाम का पाउडर भी डालकर सारी चीजों को मिक्स होने तक मिला दीजिए।
मिश्रण के थोड़े ठंडा होने पर, हाथ पर घी लगाकर चिकना करेंगे और मिश्रण से थोड़ा सा मिश्रण (एक छोटे नीबू के आकार के बराबर) उठाएंगे, और दोनों हाथों से गोल लड्डू का आकार दे देंगे। तैयार लड्डू को किसी प्लेट में रख दीजिए, सारे लड्डू इसी तरह बनाकर तैयार कर लीजिए। खजूर के लड्डू तैयार है, खजूर के लड्डू को एअर टाइट कन्टेनर में भर कर रख लीजिए, और एक माह से भी अधिक रख कर खाते रहिए।
अगर आप भी खाना बनाने के शौकीन हैं और कुछ ऐसी डिशेज बनाते हैं जिन पर आपको हर बार तारीफें मिलती हैं तो अब हम आपको अपनी इस कला के प्रदर्शन के लिए प्लैटफॉर्म देने जा रहे हैं। आप अपनी खास रेसिपीज पत्रिका डॉट कॉम के साथ शेयर कर सकते हैं। कंमेंट बॉक्स में अपनी रेसिपी हमें लिख भेजें। आप अपनी रेसिपी का वीडियो भी हमारे साथ शेयर कर सकते हैं। चुनिंदा रेसिपीज को पत्रिका डॉट कॉम पर फीचर भी किया जाएगा। तो देर किस बात की, लिख भेजिए हमें अपनी स्पेशल रेसिपी।
Published on:
24 Dec 2017, 1:31 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.