
India's most miraculous and mysterious temple
भारत में यूं तो अनेक मंदिर है, जो देश के हर शहर व गांव में मिल जाते हैं, लेकिन इन्हीं में से कुछ मंदिर अत्यंत चमत्कारी होने के साथ ही रहस्यमयी भी है। ये चमत्कारी और रहस्यमयी मंदिर भी कोई एक दो या दस पचास की संख्या में नहीं बल्कि हजारों की संख्या में हैं। लेकिन आज हम आपको केवल 10 प्रमुख चमत्कारी और रहस्यमयी मंदिरों के बारे में बता रहे हैं।
ये 10 मंदिर अपनी खूबसूरती और चमत्कारों के लिए दुनियाभर में प्रसिद्ध हैं। जिसके कारण इन मंदिरों को देखने के लिए देश-विदेशों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। भारत के इतिहास में ऐसे कई मंदिर हैं, जिन्हें चमत्कारी और रहस्यमयी माना जाता है. आइए जानें इन 10 मंदिरों की खासियत के बारे में...
1. तिरुपति बालाजी मंदिर-
भगवान व्यंकटेश्वर तिरुपति बालाजी भगवान विष्णु के अवतार माने जाते हैं। पौराणिक कथाओं के अनुसार, एक बार भगवान बालाजी ने धन के देवता कुबेर से अपनी बेटी की शादी के लिए बड़ी रकम उधार ली थी। इस कर्ज को चुकाने के लिए श्रद्धालु इस मंदिर में धन, सोना आदि दान करते हैं, तिरुपति बालाजी का मंदिर दुनियाभर के सबसे अमीर मंदिर माना जाता है।
2. कामाख्या मंदिर-
असम में स्थित कामाख्या देवी का मंदिर शक्ति पीठों में से एक है। यह मंदिर बहुत ही चमत्कारी और रहस्यमयी माना जाता है। ऐसा माना जाता है कि यहां देवी पूरे साल में 5 दिनों के लिए रजस्वला भी होती हैं। इन दिनों ब्रह्मपुत्र नदी का पानी तक लाल हो जाता है।
3. काशी विश्वनाथ मंदिर-
काशी में स्थित यह ज्योतिर्लिंग भगवान शिव के पसंदीदा स्थान में से एक माना जाता है। पौराणिक कथाओं के अनुसार, काशी भगवान शिव के त्रिशूल पर विराजमान है। माना जाता है कि इस मंदिर के दर्शन करने से और गंगा नदी में स्नान करने से मोक्ष की प्राप्ति होती है।
4. केदारनाथ मंदिर-
यह शिव मंदिर देश के चार धामों में से एक है। कहा जाता है कि पांडव, भगवान शिव से दिव्य आशीर्वाद लेने के लिए इस स्थान पर आए थे। वहीं इसे आज भी जाग्रत अवस्था में माना जाता है।
5. मीनाक्षी अम्मन मंदिर-
मीनाक्षी अम्मन मंदिर माता पार्वती को समर्पित देश के प्रसिद्ध मंदिरों में से एक है। यह मंदिर अपनी वास्तुकला के लिए विश्व विख्यात है। यह मंदिर देश के बाकि मंदिरों से काफी अलग है क्योंकि इस मंदिर में शिव और देवी पार्वती दोनों की एक साथ पूजा की जाती है। पौराणिक कथाओं की माने तो सुंदरेश्वर के रूप में जन्मे भगवान शिव ने पार्वती (मीनाक्षी) से शादी करने के लिए मदुरई का दौरा किया था।
6. पुरी जगन्नाथ मंदिर-
पुरी का जगन्नाथ मंदिर चार धामों में से एक है। पुरी को भगवान विष्णु और उनके परिवार के घर के रूप में जाना जाता है। यह भारत के सबसे पवित्र स्थानों में से एक है और इसकी वार्षिक रथ यात्रा काफी प्रसिद्ध है।
7. वैष्णो देवी मंदिर-
हिंदू धर्म के अनुसार, वैष्णो देवी मंदिर शक्ति की देवी को समर्पित पवित्र मंदिरों में से एक है। वैष्णो देवी उस गुफा के रूप में प्रसिद्ध है, जहां देवी दुर्गा ने 9 दिनों तक एक दुष्ट राक्षस से बचने के लिए शरण ली थी। ऐसा माना जाता है कि वैष्णो देवी मंदिर के दर्शन करने से किसी भी व्यक्ति के जीवन की सभी समस्याएं दूर हो सकती हैं।
8. सिद्धि विनायक मंदिर-
मुंबई में स्थित सिद्धिविनायक मंदिर भगवान गणेश को समर्पित बेहद लोकप्रिय मंदिर है। कहा जाता है कि इस मंदिर में नंगे पांव चलने से आपकी सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं।
9. सोमनाथ मंदिर-
गुजरात का यह मंदिर भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है। इतिहास उठाकर देखें तो हमें पता चलेगा कि यह मंदिर कई बार तोड़ा गया और पुनर्निर्मित किया गया।
10. सबरीमाला मंदिर-
सबरीमला में भगवान अयप्पन का मंदिर है। धार्मिक कथाओं के अनुसार भगवान अयप्पा भगवान शिव और विष्णु जी के मोहिनी रूप का मिलन है। मासिक धर्म वाली महिलाओं को इस मंदिर में जाने की मनाही है।
Updated on:
16 Mar 2021 02:59 pm
Published on:
16 Mar 2021 02:59 pm
