
कीर्ति सुरेश ने विजय थलपति को लेकर दिया बयान
Keerthy Suresh facebook message Vijay: तमिलनाडु के नए-नए मुख्यमंत्री और साउथ सिनेमाके सुपरस्टार सी. जोसेफ विजय (C. Joseph Vijay) ने 22 जून को अपना 52वां जन्मदिन मनाया। मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालने के बाद 'थलपति' विजय का यह पहला जन्मदिन है, जिसे लेकर पूरे राज्य में उनके फैंस और राजनीतिक गलियारों में भारी उत्साह देखने को मिला। सोशल मीडिया पर सुबह से ही देश भर के दिग्गज राजनेताओं और फिल्मी सितारों ने उन्हें बधाइयां दीं। इसी बीच, विजय के साथ 'भैरवा' और 'सरकार' जैसी सुपरहिट फिल्मों में काम कर चुकीं मशहूर अभिनेत्री कीर्ति सुरेश (Keerthy Suresh) ने फेसबुक पर एक बड़ा मैसेज दिया, जिसकी चर्चा हर तरफ हो रही है।
कीर्ति सुरेश ने मुख्यमंत्री विजय के साथ मुस्कुराते हुए एक अनदेखी तस्वीर शेयर की और लिखा, "पिछले कई सालों से आपके जन्मदिन का मतलब हमारे लिए किसी नई फिल्म का फर्स्ट लुक, टीजर, ट्रेलर या किसी बड़े प्रोजेक्ट की घोषणा का बेसब्री से इंतजार करना होता था। यह हम सभी के लिए एक खूबसूरत रिवाज जैसा बन गया था। लेकिन इस साल का जन्मदिन कुछ अलग सा और बेहद खास अहसास करा रहा है।"
कीर्ति ने आगे लिखा, "एक दशक से भी ज्यादा समय में ऐसा पहली बार हो रहा है जब पर्दे पर दुनिया के सामने आपका कोई नया काल्पनिक किरदार नहीं आ रहा है, बल्कि हम असल जिंदगी में कुछ बहुत बड़ा और महत्वपूर्ण देख रहे हैं। आज आप खुद को एक नए रूप में पेश कर रहे हैं- किसी सिनेमाई नायक के रूप में नहीं, बल्कि एक ऐसे जननायक के रूप में जो जनता की सेवा और जिम्मेदारी के एक नए अध्याय में कदम रख चुका है। इस साल हम आपकी इसी नई और ऐतिहासिक यात्रा का जश्न मना रहे हैं।"
विजय अब एनटी रामाराव, एमजी रामचंद्रन और जे जयललिता जैसे दिग्गज अभिनेता से नेता बने लोगों की श्रेणी में शामिल हो गए हैं। फरवरी 2024 में अपनी पार्टी 'तमिलगा वेट्री कज़गम' (TVK) की शुरुआत करने वाले विजय ने हाल ही में संपन्न हुए 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। विजय ने खुद दो सीटों से चुनाव लड़ा और दोनों में भारी मतों के अंतर से जीत हासिल की, जिसमें से बाद में उन्होंने पेरम्बूर सीट को अपने पास रखकर तिरुचिरापल्ली से इस्तीफा दे दिया।
वहीं दूसरी तरफ, उनकी आखिरी और सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्म 'जन नायकन' (Jan Nayakan) की रिलीज को लेकर भी खबरें आ रही हैं। सेंसर बोर्ड (CBFC) से मंजूरी में देरी के कारण जनवरी में रिलीज होने वाली यह फिल्म टल गई थी, जिसके बाद 9 अप्रैल को यह इंटरनेट पर लीक हो गई। पुलिस ने इस पायरेसी मामले में अब तक 9 लोगों को गिरफ्तार किया है और फैंस अब अपने पसंदीदा 'थलपति' को आखिरी बार स्क्रीन पर देखने का इंतजार कर रहे हैं।
Published on:
23 Jun 2026 08:07 am
बड़ी खबरें
View Allटॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
