
Yash Movie Toxic Plot Leaked Online (सोर्स- एक्स)
Yash Movie Toxic Plot Leaked Online: साउथ सिनेमा के सुपरस्टार यश की अपकमिंग फिल्म 'टॉक्सिक' इन दिनों जबरदस्त चर्चा में है। फिल्म की रिलीज से पहले ही इसके कथित प्लॉट लीक होने की खबरों ने इंटरनेट पर हलचल मचा दी है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक पोस्ट ने फैंस के बीच उत्सुकता और बहस दोनों को बढ़ा दिया है। हालांकि अभी तक फिल्म के मेकर्स की ओर से इस लीक को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
हाल ही में एक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक स्क्रीनशॉट वायरल हुआ, जिसमें दावा किया गया कि फिल्म की पूरी कहानी सामने आ गई है। इस पोस्ट के मुताबिक फिल्म में यश ‘राया’ नाम के एक खतरनाक माफिया का किरदार निभा रहे हैं। कहानी कथित तौर पर पुराने दौर के गोवा में सेट बताई जा रही है।
वायरल पोस्ट में दावा किया गया कि राया को अपने दुश्मन गैंग को खत्म करने के लिए एक रणनीति अपनानी पड़ती है। इसके तहत वो विरोधी परिवार की वारिस से नकली शादी करता है। ये शादी असल में सत्ता और ताकत हासिल करने की एक योजना होती है, जिसके जरिए अलग-अलग कार्टेल्स को खत्म करने की कोशिश की जाती है।
हालांकि कई लोगों का कहना है कि यह सिर्फ एक फैन-एडिट या अफवाह भी हो सकती है, क्योंकि इस तरह की जानकारी किसी आधिकारिक प्लेटफॉर्म पर मौजूद नहीं है।
जैसे ही ये कथित कहानी सामने आई, फैंस के बीच बहस शुरू हो गई। कुछ लोगों का मानना है कि फिल्म की डायरेक्टर गीतू मोहनदास अपने अलग तरह के स्टोरीलाइन के लिए जानी जाती हैं, इसलिए ये कहानी असली भी हो सकती है।
वहीं दूसरी तरफ कई यूजर्स इसे पूरी तरह फर्जी बता रहे हैं। उनका कहना है कि कई फिल्मी वेबसाइट्स और डेटाबेस प्लेटफॉर्म पर जानकारी आसानी से एडिट की जा सकती है, इसलिए ऐसे स्क्रीनशॉट पर भरोसा करना सही नहीं है। फिल्म से जुड़े लोगों की चुप्पी ने भी इस चर्चा को और बढ़ा दिया है।
‘टॉक्सिक’ सिर्फ अपने कथित प्लॉट की वजह से ही नहीं बल्कि अपनी स्टार कास्ट को लेकर भी सुर्खियों में है। इस फिल्म में यश के साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी और तारा सुतारिया जैसी अभिनेत्रियां अहम भूमिकाओं में नजर आने वाली हैं।
फिल्म का टीजर पहले ही रिलीज हो चुका है, जिसमें यश का नया और खतरनाक अवतार दर्शकों को काफी पसंद आया था। टीजर के बाद से ही इस फिल्म को लेकर दर्शकों की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं।
शुरुआत में फिल्म को मार्च 2026 में रिलीज करने की योजना बनाई गई थी, लेकिन बाद में मेकर्स ने इसकी रिलीज डेट आगे बढ़ा दी। अब ये फिल्म 4 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
बताया जा रहा है कि फिल्म को वैश्विक दर्शकों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया जा रहा है, इसलिए रिलीज शेड्यूल में बदलाव किया गया। ये फिल्म कन्नड़ और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में बनाई जा रही है ताकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इसे दर्शक मिल सकें।
फिलहाल फिल्म की असली कहानी क्या है, यह तो रिलीज के बाद ही साफ होगा। लेकिन कथित प्लॉट लीक और सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं ने ‘टॉक्सिक’ को पहले से ही सुर्खियों में ला दिया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि यह वायरल कहानी सच साबित होती है या सिर्फ फैंस की कल्पना।
Updated on:
06 Mar 2026 06:53 pm
Published on:
06 Mar 2026 05:52 pm
बड़ी खबरें
View Allटॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
