
patrika photo
प्री-मानसून बारिश का असर अब जलाशयों पर दिखने लगा है। जयपुर, अजमेर और टोंक जिलों की लाइफ लाइन कहे जाने वाले बीसलपुर बांध में धीरे-धीरे पानी की आवक बढ़ रही है। बांध का जलस्तर 312.45 आरएल मीटर पर स्थिर बना हुआ है, जितना पानी बांध से निकाला जा रहा है, लगभग उतना ही पानी की आवक हो रही है।
वर्तमान में बीसलपुर डेम से 1050 एमएलडी पानी लिया जा रहा है। जिसमें डेढ़ सेंटीमीटर पानी की निकासी हर दिन हो रही है। वहीं, बांध में अब तक कुल भराव क्षमता का 51% पानी मौजूद है, जो इस समय के लिए संतोषजनक माना जा रहा है। खास बात यह है कि पिछले साल की तुलना में इस बार रॉ मटेरियल कैपेसिटी का पानी अधिक है।
बारिश की बात करें तो बीसलपुर क्षेत्र में अब तक 56 मिमी बारिश दर्ज की गई है। जो धीरे-धीरे पानी की आवक को बढ़ा रही है। इसके अलावा माही डेम में 63 मिमी, धरियावद में 32 मिमी और नगरिया में 23 मिमी बारिश की आवक दर्ज की गई है। जलस्तर में हो रही यह वृद्धि आने वाले दिनों में कृषि और पेयजल आपूर्ति के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में प्रदेश में और बारिश होने की संभावना है। इससे जहां गर्मी से राहत मिलेगी, वहीं बांधों में जलस्तर में और बढ़ोतरी हो सकती है। राज्य के कई जिलों में पिछले कुछ दिनों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है, जिससे भूजल स्तर पर भी सकारात्मक असर पड़ने की उम्मीद है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बारिश के दौरान सतर्कता बरतें और नदियों, बांधों व जलाशयों के आसपास जाने से बचें।
Updated on:
18 Jun 2025, 10:42 AM IST
Published on:
18 Jun 2025, 10:42 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.