
जयपुर , टोंक। टोंक में बीती रात फिल्मी अंदाज में एक किशोरी का अपहरण हुआ। किशोरी को बीच रास्ते से उठाया गया और उसका मुंह, हाथ-पैर बांधकर एवं उसकी आंखों पर पट्टी बांधकर अपहरणकर्ता उसे ले गए। बाद में किशोरी के सामने ही उन्होनें किशोरी की फोटो किसी को वाट्सअप की। वहां से मैसेज आया कि गलत किशोरी का अपहरण कर लिया तो अपहरणकर्ता किशोरी को आधा घंटे के बाद ही उसके घर के पास फेंक गए। अब पुलिस को अंदेशा है कि अपहरणकर्ता फिर से अपहरण करने आ सकते हैं। यही कारण है कि पूरे शहर में नाकाबंदी की गई है। सीसीटीवी कैमरों से मदद की उम्मीद लगाई जा रही है और अपहरण होकर वापस लौटी किशोरी से भी पूछताछ की जा रही है।
बाजार से सामान लेने गई थी किशोरी, इतनी ही देर में वैन आ गई -
सवाई माधोपुर रोड स्थित इंद्रा कालोनी के सामने रोड पर से बीती रात एक वैन में आए तीन अपहरणकर्ता पास की कॉलोनी में रहने वाली सोलह साल की किशोरी को उठाकर ले गए। अपहरणकर्ताओं ने उसके पास वैन रोकी और उसे वैन में खींच लिया। किशोरी स्कूल वर्क के लिए मैप खरीदने कॉलोनी में ही स्थित दुकान पर आई थी। इसी दौरान उसका अपहरण हो गया। किशोरी ने पुलिस को बताया कि उसे एक सुनसान जगह पर ले जाया गया और वहां एक कमरे में बंद कर दिया गया। किशोरी ने पुलिस को बताया कि अपहरणकर्ता ने उसकी फोटो खींचकर किसी को भेजी तो वहां से मैसेज आया कि वे गलत लड़की का अपहरण कर लाए। यहीं कारण रहा कि किशोरी को आधा घंटे के बाद ही उसकी कॉलोनी के बाहर सड़क पर फेंककर अपहरणकर्ता फरार हो गए। मामले की जांच कोतवाली थाना पुलिस कर रही है।
पुलिस को भनक तक नहीं लगी -
पुलिस का कहना था कि घटना होने के तुरंत बाद पूरे क्षेत्र में नाकाबंदी कराई गई। लेकिन सुराग नही लगा। जबकि किशोरी के अपहरण करने के बाद अपहरणकर्ता उसे आधा घंटे के बाद ही उसी वाहन से वापस छोड़ गए जिस वाहन से वे उसे लेकर गए थे। इतना होने के बाद भी पुलिस ने अपहरणकर्ताओं को नहीं पकड़ा। कोतवाली पुलिस का कहना है कि संभव है कि शहर से किसी और लड़की का अपहरण हो जाए। इसे लेकर उच्च अधिकारियों को भी सूचित किया गया है। ताकि शहर भर में सुरक्षा बढ़ाई जा सके। फिलहाल देर रात से आज सवेरे तक शहर से किसी लड़की के अपहरण की सूचना पुलिस को नहीं मिली है।
Published on:
18 Nov 2017 11:08 am
बड़ी खबरें
View Allटोंक
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
