रोजा इफ्तार में मांगी दुआएं
जुमे की नमाज अदा की
टोंक. काफला बाजार व्यापार मण्डल की ओर से रोजा इफ्तार कार्यक्रम का आयोजन गुरुवार शाम हुआ। इसमें लोगों के लिए रोजगार में बरकत और सभी दुकानदार एक-साथ व्यापार करने और देश के लिए अमन व शांति व भाईचारा की दुआ की गई। इधर, रमजानुल मुबारक के तीसरे जुमे की नमाज शुक्रवार को जिलेभर में अदा की गई।
इससें नमाजियों ने दुआएं की। रोजा इफ्तार कार्यक्रम में नगर परिषद सभापति अली अहमद, व्यापार संघ अध्यक्ष मनीष बंसल, यूसुफ यूनिवर्सल, इम्जियाज खान आदि मौजूद थे।
रमजान का अंतिम अशरा शुरू, ऐतेकाफ में बैठे लोग
टोंक. रमजान-उल-मुबारक का अंतिम अशरा शुक्रवार से शुरू हो गया। इसके साथ ही जिले की मस्जिदों में अस्र की नमाज के बाद लोग ऐतेकाफ में बैठ गए। ऐतेकाफ रमजान के 20वें रोजे से शुरू होकर ईद के चांद दिखने तक होता है। ऐतेकाफ में बैठने वाले लोग दिन-रात इबादत में लगे रहते हैं। वे दुनियादारी से दूर होकर महज इबादत में मशगूल हो जाते हैं। उनके खाने समेत अन्य व्यवस्थाएं परिजन मस्जिद में ही करते हैं।
वहीं रमजानुल मुबारक का तीसरा व अंतिम अशरा जहन्नुम की आग से खुलासी (निजात) का माना जाता है। इस अशरे में दुआएं करने से खुदा जहन्नुम की आग से निजात देते हैं। अशरे में नमाजी खासतौर से 23, 25, 27 व 29वीं शब (रात) में विशेष इबादत करते हैं। इधर, ईदुलफितर को लेकर बाजार में खरीदारी बढ़ गई है। इससे व्यापारी खुश है। पिछले दो साल से कोरोना महमारी के चलते बाजार में खरीदारी कमजोर थी।