
Ravi kishann
भोजपुरी सिनेमा के साथ बॉलीवुड में भी अपने अभिनय की छाप छोड़ने वाले अभिनेता रवि किशन स्टार भारत पर प्रसारित हो रहे शो 'राधाकृष्ण' से जुड़ गए हैं। वह इस शो में अपनी आवाज दे रहे हैं यानी कि वह इस शो में नरेटर बने हैं। वे इस शो से जुड़कर काफी खुश और उत्साहित हैं। उन्होंने पत्रिका एंटरटेनमेंट से खास बातचीत में शो से जुड़े अनुभवों को शेयर किया।
डबिंग के दौरान हो गए थे भावुक:
रवि किशन ने बताया कि जब वह इस शो के लिए डबिंग कर रहे थे तो राधा कृष्ण के प्रेम का वर्णन करते हुए भावुक हो गए थे। उनका कहना है कि राधा कृष्ण का प्यार निस्वार्थ है। उन्होंने कहा, 'जब मैं कहानी बोल रहा था तो इतना काम करने के बाद सोचा नहीं था कि मेरी आंख से आंसू भी आएंगे। डबिंग के दौरान जब उनके प्रेम की बातें समझी तो एक-दो जगह कहानी बताते हुए भावुक हो गया।'
ऐसा लगा उस दौर में चले गए:
रवि किशन ने बताया,'जब मैं इस शो के लिए डबिंग कर रहा था तो लगा जैसे कि मैं उसी युग में पहुंच गया हूं और उस माहौल में जीने लगा। भगवान कृष्ण ने लोगों को प्रेम की परिभाषा बताई है। लोगों ने प्रेम किया प्रेम को पाने के लिए लेकिन इन्होंने प्रेम किया प्रेम को को समझाने के लिए।
उनके प्यार में त्याग था:
रवि किशन का कहना है कि वह रियल जिंदगी में भी भगवान कृष्ण को बहुत मानते हैं और इसी वजह से उनके नाम में भी कृष्ण की झलक है। उनका कहना है कि भगवान कृष्ण के प्यार में त्याग था। अभिनेता का कहना है, 'प्यार में दिया जाता है, लिया नहीं जाता और ये बात राधा कृष्ण ने अपने प्रेम के जरिए दुनिया को समझाया है। उनके प्यार में त्याग था।' साथ ही उनका कहना है कि अभी भी जब हम कभी जीवन में उलझन में होते हैं तो भगवत गीता में उसका जवाब मिलता है।
दिव्या दत्ता भी हैं शो में नरेटर:
इस शो में रवि किशन के साथ अभिनेत्री दिव्या दत्ता भी नरेटर के रूप में हैं। ऐसे में जब रवि किशन से पूछा गया कि दिव्या दत्ता के साथ काम करने का अनुभव कैसा रहा। इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, 'दिव्या भी बहुत आध्यात्मिक हैं और ऐसी कहानियों से वही व्यक्ति कनेक्ट कर सकता है जो रियल लाइफ में आध्यात्मिक हो।' साथ ही उन्होंने कहा, हम रियल लाइफ में भी आध्यात्मिक हैं, इसलिए जब हम शो की डबिंग करते हैं तो आवाज आत्मा से निकलती है।'
वर्क फ्रंट:
हाल में रवि किशन की फिल्म 'सनकी दरोगा' रिलीज हुई है। इस फिल्म में एक सामाजिक संदेश था। अब उनकी एक और पारिवारिक फिल्म 'सबसे बड़ा चैंपियन' जनवरी में रिलीज होने जा रही है। यह फिल्म परिवार में बाप बेटों के संबंधों पर आधारित है। साथ ही वे एक और फिल्म कर रहे हैं 'रगड़ता बिहार'।
Published on:
7 Oct 2018, 10:30 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.