
रीम शेख ने शादी पर की बात
Muslim Actress Reem Shaikh: टीवी इंडस्ट्री की जानी-मानी एक्ट्रेस रीम शेख अपनी बेहतरीन एक्टिंग के साथ-साथ अपनी बेबाकी के लिए भी जानी जाती हैं। पिछले कुछ समय से उनके रिलेशनशिप और शादी को लेकर कई तरह की अफवाहें उड़ रही थीं, रीम ने अब अपनी निजी जिंदगी और शादी को लेकर कुछ ऐसे खुलासे किए हैं, जिन्होंने इंटरनेट पर नई चर्चा छेड़ दी है। रीम ने साफ कर दिया है कि वह कभी भी दूसरे धर्म के लड़के के साथ घर नहीं बसाएंगी। उन्होंने साफ तौर पर ये भी बताया कि वह 5 वक्त की नमाज करती हैं।
शार्दुल पंडित के पॉडकास्ट में रीम शेख ने खुलकर बात की। इस दौरान जब एक्ट्रेस से पूछा गया कि उनके परिवार में 'इंटरफेथ मैरिज' (अंतरधार्मिक विवाह) का उदाहरण होने के बावजूद, क्या वह खुद किसी दूसरे धर्म के लड़के से प्यार कर सकती हैं? इस पर रीम ने बहुत ही स्पष्टता के साथ जवाब दिया। उन्होंने कहा, "यह हर इंसान की अपनी सोच पर निर्भर करता है, लेकिन मैं एक बहुत धार्मिक इंसान हूं। शायद बहुत से लोग यह नहीं जानते होंगे, लेकिन मैं पांच वक्त की नमाज पढ़ती हूं।"
रीम ने आगे विस्तार से बताया कि वह अपने धर्म को लेकर काफी गंभीर हैं। उन्होंने कहा, "मैं रमजान में रोजे रखती हूं और मेरी जिंदगी में जब भी कोई परेशानी आती है, तो मैं सबसे पहले खुदा के आगे सजदा करती हूं। ऐसे में मैं उस इंसान के साथ जिंदगी नहीं बिता सकती जो मेरे जैसे विश्वास (फेथ) को न मानता हो या मेरे धर्म को फॉलो न करता हो। यह मेरे लिए संभव नहीं है।" रीम का मानना है कि एक खुशहाल वैवाहिक जीवन के लिए जीवनसाथी का एक ही धर्म का होना जरूरी है।
रीम का यह फैसला उनके बचपन के अनुभवों से भी जुड़ा हो सकता है। एक अन्य इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि उनके माता-पिता ने खुद अलग-अलग धर्मों में शादी की थी- उनकी मां शीतल हिंदू हैं और पिता मुस्लिम। हालांकि, उनका वैवाहिक जीवन सुखद नहीं रहा और करीब पांच साल पहले उनका तलाक हो गया।
रीम ने भावुक होते हुए बताया कि उनके घर में अक्सर लड़ाई-झगड़े और हिंसा होती थी, जिसका उनके मानसिक स्वास्थ्य पर बहुत बुरा असर पड़ा। रीम के शब्दों में, "मैंने घर में इतनी हिंसा देखी कि मेरे अंदर डर बैठ गया था।" हालांकि, अब उनकी मां ने दूसरी शादी कर ली है और रीम का अपनी सौतेली बहन के साथ बहुत प्यारा रिश्ता है।
प्रोफेशनल फ्रंट की बात करें तो रीम शेख को आखिरी बार 'लाफ्टर शेफ्स' में देखा गया था, जहां उनकी कॉमेडी और कुकिंग स्किल्स को दर्शकों ने खूब सराहा। इसके अलावा पिछले साल उनकी एक वेब सीरीज और चार म्यूजिक वीडियो भी रिलीज हुए थे। फिलहाल रीम अपने परिवार के साथ समय बिता रही हैं और अपने अगले बड़े प्रोजेक्ट की तलाश में हैं। लेकिन उनके इस हालिया बयान ने यह साफ कर दिया है कि वह अपनी निजी जिंदगी के फैसले अपनी धार्मिक मान्यताओं के आधार पर ही लेंगी।
Published on:
26 Apr 2026 12:06 pm
बड़ी खबरें
View AllTV न्यूज
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
