
मामी के पैरों में गिर पड़ा भांजा (फोटो सोर्स: x के @statemirrornewz अकाउंट द्वारा)
Govinda and Sunita controversy: टेलीविजन पर कुछ मोमेंट ऐसे होते हैं जो स्क्रिप्ट से नहीं, दिल से आते हैं। 'लाफ्टर शेफ सीजन 3' का एक ऐसा ही पल हाल ही में सामने आया जिसने सेट पर मौजूद हर इंसान की आंखें नम कर दीं और देखने वालों के दिलों को छू लिया। ये पल था कृष्णा अभिषेक और उनकी मामी सुनीता आहूजा के 14 साल बाद हुए भावुक मिलन का।
'लाफ्टर शेफ सीजन 3' के सेट पर अचानक एक आवाज गूंजी "कृष्णा… कृष्णा…" और जैसे ही सबकी नजरें दरवाजा की ओर घूमीं, वहां सुनीता आहूजा खड़ी थीं। उस एक पल में जैसे वक्त थम गया। कृष्णा और अभिषेक के चेहरे पर एक के बाद एक कई भाव आए पहले हैरानी, फिर दर्द और आखिर में एक गहरी राहत। सालों से दिल में दबे जज्बात जैसे उस एक आवाज से बाहर आ गए। सेट पर मौजूद सभी लोग उस पल को बस महसूस कर रहे थे। कोई कुछ बोल नहीं रहा था बस आंखें सब कह रही थीं।
बता दें, कुछ ही सेकंड बाद कृष्णा खुद को रोक नहीं पाए। वो दौड़कर अपनी मामी के पास पहुंचे और सीधे उनके पैरों में गिर पड़े। गला भर आया था और मुश्किल से इतना कह पाए 14 साल हो गए। ये दो शब्द सुनते ही सेट पर मौजूद हर किसी का दिल भारी हो गया। सुनीता आहूजा ने देर नहीं की तुरंत उन्हें उठाया और गले से लगा लिया। वो गले लगना जैसे सालों की दूरी को एक झटके में मिटा रहा था।
इस सीन को देखकर कृष्णा की पत्नी कश्मीरा शाह भी खुद को संभाल नहीं पाईं। रोते हुए वो सुनीता के पास आईं, हाथ जोड़े और कांपती आवाज में माफी मांगने लगीं। उनके हर शब्द में पश्चाताप साफ झलक रहा था। सुनीता ने बिना एक पल की देरी किए उन्हें माफ कर दिया और फिर तीनों एक-दूसरे को गले लगाकर रो पड़े। उसी पल उसी एक गले मिलने में 14 साल की सारी नाराजगी, सारी कड़वाहट और सारी दूरी जैसे खत्म हो गई।
दरअसल, ये विवाद एक सोशल मीडिया पोस्ट से शुरू हुआ था जिसे सुनीता आहूजा ने अपने परिवार पर तंज माना। धीरे-धीरे रिश्तों में खटास बढ़ती गई। इंटरव्यूज में इशारों में बातें होती रहीं। दोनों पक्षों ने सार्वजनिक रूप से कभी-कभी एक-दूसरे पर निशाना साधा, लेकिन जो बात सालों में नहीं हो पाई, वो 'लाफ्टर शेफ' के सेट पर एक आवाज ने कर दिखाई। सोशल मीडिया पर इस वीडियो ने देखते-देखते लाखों लोगों को रुलाया और हर किसी ने कहा यही असली रियलिटी टीवी है।
Updated on:
26 Apr 2026 08:15 am
Published on:
26 Apr 2026 08:15 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
