
तनाज ईरानी ने अपनी पहली शादी और तलाक पर की बात (Photo Source- Actress Instagram)
Tannaz Irani divorce Muslim Husband: 'जबान संभालके' और 'बिग बॉस' जैसे बड़े शोज के साथ-साथ 'कहो ना... प्यार है' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में अपनी एक्टिंग का लोहा मनवा चुकीं अभिनेत्री तनाज ईरानी इन दिनों चर्चा में है। उन्होंने अपने निजी जीवन के कुछ बेहद दर्दभरे समय और तलाक को लेकर जो बताया है उसे सुनकर किसी को यकीन नहीं हो रहा है। तनाज ने अपनी पहली शादी जो उन्होंने खुद से 18 साल बड़े आदमी से की थी। फिर तलाक और उसका उनकी मासूम बेटी पर जो भावनात्मक असर पड़ा था उसी पर बिना कुछ छुपाए एक्ट्रेस ने कई चौंकाने वाले राज खोले हैं।
तनाज ने एक पॉडकास्ट में अपनी पर्सनल लाइफ पर बात की। उन्होंने इस दौरान बताया कि उन्होंने 20 साल की उम्र में पहली शादी एक मुस्लिम थिएटर आर्टिस्ट से की थी, जो उनसे उम्र में 18 साल बड़े थे। उनके रूढ़िवादी न होने की तारीफ करते हुए तनाज ने कहा, "वह बहुत सुलझे हुए इंसान थे। मेरे माता-पिता भी मेरी जिद के आगे मान गए थे। शादी के बाद मैं बहुत जल्दी एक बेटी की मां बन गई, जो आज मेरी सबसे अच्छी दोस्त है।"
अभिनेत्री ने माना कि शादी के आठ साल बीतने के बाद उम्र का यह फासला रिश्तों में आड़े आने लगा था। उन्होंने कहा, "जब आप 20 की उम्र में होते हैं, तो आप दुनिया देखना चाहते हैं। मुझे पार्टियां करना, बाहर जाना और नई चीजें एक्सपीरियंस करना पसंद था। वहीं मेरे पति काफी परिपक्व थे और वह अपनी जिंदगी का वह दौर जी चुके थे। उन्होंने मुझे हमेशा आजादी दी, लेकिन उस समय मैं बहुत नासमझ थी और मुझे लगा कि हम एक पेज पर नहीं हैं।"
तनाज के लिए यह तलाक सिर्फ एक रिश्ते का अंत नहीं था, बल्कि इसने उनकी बेटी को अंदर तक झकझोर दिया था। इस बात का मलाल तनाज को आज भी है। उन्होंने बेहद भावुक होकर कहा, "एक बेटी के लिए उसकी मां ही उसका सबसे बड़ा सुरक्षा कवच होती है, और मैंने अपनी नासमझी में उस कवच को, उसके सुरक्षित घर को तोड़ दिया था। तलाक के बाद मेरी बेटी एकदम चुप हो गई थी।"
आज के दौर में माता-पिता को सलाह देते हुए तनाज ने कहा कि अगर आपकी वजह से बच्चे दुखी हैं, तो अपनी गलती स्वीकार करें। माता-पिता भगवान नहीं होते। उन्होंने कहा, "मैंने रो-रोकर अपनी बेटी से लगातार माफी मांगी है। मैंने उससे कभी यह उम्मीद नहीं की कि वह तुरंत मुझे माफ कर दे। माता-पिता कोई भगवान नहीं होते, उनसे भी गलतियां होती हैं। बच्चों के सामने अहंकार छोड़ना पड़ता है। आपको खुद उनके पास जाकर उनका भरोसा दोबारा जीतना होता है।"
आज भले ही तनाज बख्तियार ईरानी के साथ एक खुशहाल शादीशुदा जिंदगी जी रही हैं, लेकिन उनकी जिंदगी का ये काला हिस्सा आज भी उनके वर्तमान को कहीं न कहीं ठेस पहुंचा ही देता है और ऐसे अतीत के कुछ फैसले इंसान को जिंदगी भर का सबक दे जाते हैं।
Published on:
17 May 2026 08:07 am
बड़ी खबरें
View AllTV न्यूज
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
