
फिरोज नाडियाडवाला और कीकू शारदा (फोटो सोर्स : X)
The Great Indian Kapil Sharma Show: अक्षय कुमार अपनी फिल्म 'जॉली एलएलबी 3' के प्रमोशन के लिए 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' पर पहुंचे थे। शो में कीकू शारदा ने 'हेरा फेरी' के बाबूराव का गेटअप अपनाया और एक्ट किया, जिसके बाद फिल्म के प्रोड्यूसर फिरोज नाडियाडवाला भड़क उठे। उन्होंने नेटफ्लिक्स और शो के मेकर्स को 25 करोड़ का कानूनी नोटिस भेज दिया है। नाडियाडवाला का आरोप है कि बिना इजाजत के उनकी फिल्म के कैरेक्टर का यूज किया गया है।
फिरोज नाडियाडवाला ने अपने ऑफिशियल स्टेटमेंट में कहा, "बाबूराव महज एक कैरेक्टर नहीं है, बल्कि 'हेरा फेरी' की जान है। ये लेगेसी हमारे पसीने, विजन और क्रिएटिविटी से बनाई गई है। परेश रावल ने इस किरदार को दिल और आत्मा से तराशा है। किसी को भी कमर्शियल फायदे के लिए इसका गलत इस्तेमाल करने का अधिकार नहीं है। कल्चर शोषण के लिए नहीं, बल्कि बचाव के लिए है।"
बता दें कि नाडियाडवाला ने नेटफ्लिक्स और शो के मेकर्स पर कॉपीराइट एक्ट 1957 और ट्रेडमार्क एक्ट के जरिए उल्लंघन का आरोप लगाया है। उनकी टीम का कहना है कि 'बाबूराव' नाडियाडवाला परिवार का रजिस्टर्ड ट्रेडमार्क है। 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' में अक्षय कुमार का एपिसोड 20 सितंबर को स्ट्रीम होगा, और नाडियाडवाला की कानूनी टीम ने मांग की है कि नेटफ्लिक्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और सभी थर्ड-पार्टी चैनल से सभी सेगमेंट्स को तुरंत हटा लिया जाए। साथ ही, उन्होंने लिखित में ये भी मांगा है कि फ्यूचर में ऐसा नहीं होगा और बिना इजाजत के कैरेक्टर का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। उन्होंने 24 घंटे के अंदर माफी की भी मांग की है।
फिरोज नाडियाडवाला ने 25 करोड़ रुपये का मुआवजा मांगा है, जो नोटिस मिलने के 2 दिन के अंदर चुकाना होगा। अगर ऐसा नहीं किया गया, तो सिविल और क्रिमिनल केस चलाया जाएगा। नाडियाडवाला की वकील सना रईस खान ने कहा कि ये कमर्शियल फायदे के लिए चोरी की गई है और उनके क्लाइंट के पास इसके कानूनी अधिकार हैं, जिन्हें अब प्रोटेक्ट किया जाएगा।
बता दें कि फिरोज नाडियाडवाला भारतीय सिनेमा के जाने-माने निर्देशक और निर्माता हैं, जिनका अहम योगदान हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में रहा है। दरअसल, फिरोज नाडियावाला ने अपने करियर की शुरुआत बतौर सहायक निर्देशक झूठ-सच से की थी। उसके बाद उन्होंने कई फिल्मों का निर्माण भी किया। उन्होंने हिंदी सिनेमा में कई बेहतरीन फिल्में बनाई है, जिनमे वेलकम बैक,वेलकम,आरक्षण ,फूल एंड फाइनल,आवारा-पागल दीवाना जैसी फिल्में शामिल है।
Updated on:
20 Sept 2025 11:22 am
Published on:
20 Sept 2025 11:22 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
