4 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

उदयपुर जिले में भीषण हादसा: 6 वाहन आपस में भिड़े, चार लोगों की मौके पर मौत, कई घायल

Big Accident: उदयपुर-पिंडवाड़ा हाईवे पर भीषण हादसा हुआ है। पत्थरों से भरा एक ट्रेलर ढलान पर बेकाबू हो गया, जिसके बाद 6 वाहन एक के बाद एक टकरा गए। हादसे में 4 लोगों की मौत हुई है, वहीं कई लोग गंभीर घायल हुए हैं।

2 min read
Google source verification
Udaipur Accident

हादसे में चकनाचूर हुई कार (फोटो-पत्रिका)

गोगुंदा (उदयपुर)। उदयपुर-पिंडवाड़ा नेशनल हाईवे पर रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भादवी गुढ़ा के पास ढलान वाले हिस्से में एक के बाद एक छह वाहन आपस में टकरा गए। इस भीषण दुर्घटना में एक एसयूवी पलट गई, जिसमें सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और यातायात लंबे समय तक बाधित रहा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाईवे पर चल रहे निर्माण कार्य के कारण सड़क को संकरा कर दिया गया है। इसी दौरान पत्थरों से भरा एक ट्रेलर ढलान पर बेकाबू हो गया और सामने चल रहे एक टैंकर से टकरा गया। इसके बाद पीछे से आ रही चार कारें भी एक के बाद एक दुर्घटना का शिकार हो गईं। तेज टक्कर के चलते एक एसयूवी सड़क किनारे पलट गई और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार में सवार लोग अंदर ही फंस गए, जिन्हें बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

मृतकों की नहीं हो पाई शिनाख्त

सूचना मिलने पर गोगुंदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। थानाधिकारी श्याम सिंह चारण ने बताया कि दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो चुकी है। क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे लोगों को निकालने में काफी समय लगा। शाम करीब 7.30 बजे पुलिस और प्रशासन की मदद से हाईवे से क्षतिग्रस्त वाहनों और बिखरे पत्थरों को हटाकर यातायात बहाल किया जा सका। मृतकों के शव गोगुंदा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं, हालांकि देर शाम तक उनकी शिनाख्त नहीं हो पाई।

हादसे में कई लोग घायल

इस हादसे में कई लोग घायल भी हुए हैं। उदयपुर जिले के नाई गांव निवासी प्रताप सिंह (65), गगांधर (40) और बंशीलाल (50) को गंभीर हालत में उदयपुर के एमबी अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं गुजरात के साबरकांठा जिले के रहने वाले विक्रम हीराजी ठाकुर (29) का गोगुंदा अस्पताल में उपचार चल रहा है। इसके अलावा कुछ अन्य घायलों को भी स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराने की सूचना है।

एसयूवी कार चकनाचूर, घायल फंसे

घटनास्थल से निकल रहे लोगों ने बताया कि पिंडवाड़ा की ओर से आ रहा ट्रेलर बेकाबू हो गया था। इसके बाद एक-एक कर गाड़ियां टकराती गईं। आठ से ज्यादा लोग अलग-अलग गाड़ियों में फंस गए, जिनको निकाला जा रहा है। एक एसयूवी कार चकनाचूर हो गई।