
file photo ai
उदयपुर. जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत उदयपुर जिले में मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य अंतिम दौर में पहुंच चुका है। जिले में अब तक 95.76 प्रतिशत मकानों का सर्वे पूरा कर लिया गया है, जबकि 22.77 लाख से अधिक आबादी को कवर किया जा चुका है। प्रशासन का दावा है कि निर्धारित समय सीमा 14 जून से पहले शेष कार्य भी पूर्ण कर लिया जाएगा।
जनगणना अधिकारी एवं जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के तहत जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर सर्वेक्षण कार्य किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई परिवार, मकान, प्रतिष्ठान या क्षेत्र सर्वेक्षण से छूट गया है तो इसकी तत्काल सूचना संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि समय रहते उसका सर्वे पूरा कराया जा सके।
छूटे परिवार तुरंत दें सूचना, बनाए गए शिकायत प्रकोष्ठ
जिला जनगणना अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) ने बताया कि जनगणना कार्य को शत-प्रतिशत पूर्ण करने के लिए जिला, तहसील एवं नगर निकाय स्तर पर शिकायत प्रकोष्ठ और नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं। यदि किसी क्षेत्र में अभी तक प्रगणक या पर्यवेक्षक नहीं पहुंचे हैं अथवा जनगणना से जुड़ी कोई समस्या है तो नागरिक सीधे शिकायत दर्ज करा सकते हैं। जिला स्तर पर संयुक्त निदेशक, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग कार्यालय, बेदला पुलिया के पास नियंत्रण कक्ष संचालित किया जा रहा है। नागरिक हेल्पलाइन नंबर 0294-2451384 पर भी संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा संबंधित तहसीलदार, चार्ज जनगणना अधिकारी तथा नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों से भी संपर्क किया जा सकता है।
खेरवाड़ा, झाड़ोल और सायरा सबसे आगे
जनगणना के प्रथम चरण में जिले के कई उपखंडों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। मकान सर्वेक्षण में खेरवाड़ा ने 101.05 प्रतिशत, झाड़ोल ने 100.66 प्रतिशत और सायरा ने 100.28 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की है। वहीं जनसंख्या कवरेज में भी खेरवाड़ा, सायरा और झाड़ोल शीर्ष पर रहे हैं। विशेषज्ञों के अनुसार कुछ क्षेत्रों में अनुमानित आंकड़ों से अधिक मकान और आबादी दर्ज होने के कारण कवरेज प्रतिशत 100 से अधिक पहुंचा है, जो सर्वेक्षण की व्यापकता को दर्शाता है।--
डिजिटल जनगणना में सहयोग की अपील
प्रशासन ने जिलेवासियों से जनगणना अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि जनगणना केवल आंकड़े जुटाने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि भविष्य की विकास योजनाओं, संसाधनों के आवंटन और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की आधारशिला है। इसलिए प्रत्येक नागरिक सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में भागीदार बने।
फैक्ट फाइल : जनगणना 2027
अनुमानित कुल मकान - 687456
सर्वे पूर्ण मकान - 658286
मकान सर्वे प्रगति- 95.76 प्रतिशत
अनुमानित कुल जनसंख्या-2309696
कवर की गई जनसंख्या- 2277249
जनसंख्या कवरेज - 98.60 प्रतिशत
मकान सर्वेक्षण में शीर्ष उपखंड
खेरवाड़ा- 101.05 प्रतिशत
झाड़ोल- 100.66 प्रतिशत
सायरा - 100.28 प्रतिशत
जनसंख्या कवरेज में शीर्ष उपखंड
खेरवाड़ा- 112.70 प्रतिशत
सायरा - 110.49 प्रतिशतझाड़ोल-106.43 प्रतिशत
Published on:
10 Jun 2026 06:00 pm
बड़ी खबरें
View Allउदयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
