
फोटो: AI जनरेटेड
Rajasthan Crime News: उदयपुर के हिरणमगरी थाना क्षेत्र में डॉक्टर को हनी ट्रैप में फंसाकर 25 लाख रुपए वसूलने और 10 लाख रुपए की अतिरिक्त मांग करने के मामले में नया खुलासा हुआ। गिरफ्तार की गई दोनों युवतियां दिल्ली की बताई जा रही हैं। प्रारंभिक जांच में ये भी सामने आया है कि डॉक्टर की पहचान इन युवतियों से शहर के एक स्पा सेंटर के माध्यम से हुई थी। इस खुलासे के बाद शहर के स्पा सेंटर फिर से जांच के दायरे में हैं।
डॉक्टर और मुख्य आरोपी युवती में स्पा सेंटर के जरिए संपर्क के बाद दोस्ती बढ़ी और मामला ब्लैकमेलिंग तक पहुंच गया। अब पुलिस इस पहलु पर भी जांच कर सकती है कि कहीं बाहर से युवतियों को लाकर स्पा सेंटरों के जरिए ग्राहकों से संपर्क स्थापित करने का संगठित नेटवर्क तो संचालित नहीं किया जा रहा।
कुछ वर्षों में शहर में स्पा सेंटरों की संख्या तेजी से बढ़ी है। समय-समय पर कुछ स्पा सेंटरों पर अनियमितताओं और संदिग्ध गतिविधियों के आरोप भी लगते रहे हैं।
पुलिस दोनों युवतियों से पूछताछ कर रही है और उनके संपर्कों, शहर में ठहरने की व्यवस्था तथा अन्य संभावित सहयोगियों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि दोनों ने पहले लिए 25 लाख रुपए का क्या किया। मामले ने पुलिस की निगरानी व्यवस्था और स्पा सेंटरों के नियमन पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
गत फरवरी शहर के एक डॉक्टर की पहचान कृष्णा नामक युवती से हुई थी। आरोप है कि बाद में युवती ने अपनी परिचित करिश्मा से भी डॉक्टर की मुलाकात करवाई। मार्च में डॉक्टर और युवती के बीच संबंध बने, इसके बाद दोनों युवतियों ने कथित रूप से वीडियो वायरल करने, झूठे मुकदमे में फंसाने तथा परिवार को बदनाम करने की धमकी देकर पहले 30 लाख रुपए की मांग की। बाद में सौदा 25 लाख रुपए में तय हुआ।
पीड़ित डॉक्टर ने दबाव में आकर बैंक से ऋण लेकर 25 लाख रुपए आरोपियों को दे दिए। इसके तीन माह बाद फिर 10 लाख रुपए की मांग की गई। डॉक्टर की शिकायत पर पुलिस ने जाल बिछाया और फतहसागर क्षेत्र में 10 लाख रुपए लेने पहुंची दोनों युवतियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा क्या इसके तार किसी बड़े गिरोह से जुड़े हुए हैं।
Updated on:
10 Jun 2026 12:16 pm
Published on:
10 Jun 2026 12:16 pm
