
कलक्टर नहीं मौजूद, एडीएम ने की जिला स्तरीय जनसुनवाई
उदयपुर. प्रत्येक माह होने वाली जिला स्तरीय जनसुनवाई के दौरान जिला कलक्टर की अनुपस्थिति से उम्मीद लेकर आए लोगों को निराशा हाथ लगी। हालांकि, उदयपुर जिला कलक्टर की जगह अतिरिक्त जिला कलक्टर नरेश बुनकर व संजय कुमार ने राजस्थान संपर्क आईटी केंद्र में आयोजित जनुसनवाई में लोगों से उनकी समस्याओं को सुना। इस मौके पर कुल 51 प्रकरण प्राप्त हुए। इनमें से केवल 6 प्रकरणों का का मौके पर निस्तारण हो सका। शेष प्रकरणों के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देते हुए उनके जल्द निस्तारण को कहा। साथ ही आमजन को राहत प्रदान करने के निर्देश प्रदान किए।
इस अवसर पर गिर्वा एसडीएम लोकबंधु, सहायक निदेशक लोक सेवा दीपक मेहता, जिला रसद अधिकारी ज्योति ककवानी, एमएल चौहान, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी शिवजी गौड़ एवं अन्य विभागीय ओहदेदार मौजूद थे। जनसुनवाई के दौरान शिक्षा, छात्रवृत्ति, अतिक्रमण, अवैध निर्माण, मानसिक प्रताडऩा, नगर निगम के निर्माण कार्य से जुड़े, सड़कों के क्षतिग्रस्त होने, पानी, बिजली कनेक्शन जैसे प्रकरण प्राप्त हुए।
जनसुनवाई के दौरान सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जिला कलक्टर के निर्देशानुसार जिले भर में विभिन्न विभागों, कार्यालयों एवं संस्थाओं के निरीक्षण कराए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान मिल रही कमियों को शीघ्र पूरा करें, जहां आमजन की समस्याओं से जुड़े प्रकरणों को प्राथमिकता से निस्तारित करते हुए उन्हें राहत प्रदान करें।
Published on:
12 Jul 2019 06:57 pm
