
नेशनल हाई-वे पर दो फीट पानी से गहराया जान पर संकट
उदयपुर/ भटेवर. भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की देखरेख में निर्माणाधीन उदयपुर-चित्तौडग़ढ़ सिक्सलेन की निर्माण खामी बरसात के दिनों में वाहन सवारों के लिए नई मुसीबत बन गई है। निर्माण खामियों के बीच खोरखवास रोड क्रोस पर दो फीट तक बरसाती पानी भर गया है। ऐसे में सरपट दौड़ते वाहनों के अनियंत्रित होकर दुर्घटना का शिकार होने की आशंकाएं बढ़ गई हैं। निर्माणाधीन सिक्सलेन की खामियों का अंदाजा इससे ही लगाया जा सकता है कि मानसून आने से पहले निर्माण एजेंसी की ओर से मिट्टी के ढेर नहीं हटाए गए तो कहीं पर बरसाती पानी निकासी के लिए नालों के मुहाने खोलने में कोताही बरती गई।
इसी प्रकार दरोली स्थित आवरी माता के मंदिर के समीप हाईवे पर पानी निकासी के बाधित मार्ग के बीच सड़क पर पानी भर गया है। भरे हुए पानी से अनियंत्रित कई दुपहिया वाहन सवारों के जख्मी होने के भी समाचार हैं। कहे तो ईश्वर की कृपा रही कि गिरने वाले दुपहिया सवारों के पीछे कोई चौपहिया या बड़ा वाहन नहीं था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पानी निकासी नहीं होने और सड़क समतलीकरण के अभाव में दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। तेज बरसात के दौरान ऐसी समस्याएं और बढऩे की आशकाएं हैं।
अंडर पास में घुटनों तक पानी
भटेवर बायपास चौराहे के समीप जारी सिक्सलेन निर्माण के बीच बनाए गए अंडरपास में भरे बरसाती पानी की निकासी भी बाधित है। घुटनों तक भरे पानी के बीच इस अंडर पास का उपयोग राहगीरों को भी करने में तकलीफें आ रही हैं। वहीं दुपहिया सवारों को खासी दिक्कतें आ रही हैं। स्थानीय लोगों को पशुओं को इस छोर से उस छोर तक ले जाने में भी तकलीफें आ रही हैं।
प्रगति पर सिक्सलेन
सिक्सलेन निर्माण कार्य अभी प्रगति पर है। जहां तक बात सड़क पर पानी भरने की है तो जल्द ही समस्या का समाधान होगा।
मुकेश कुमार, सेफ्टी इंचार्ज, नेशनल हाई-वे
Published on:
06 Jul 2019 12:13 am
