
नहीं सुनती सरकार, मां! तुम तो सुनो पुकार
उदयपुर/ मावली. प्रदेश के करीब 27 हजार पंचायत सहायकों पर कार्यकाल पर लटकी तलवार के बीच सरकार की बेरूखी से तंग अस्थायी कार्मिकों ने रविवार को अनूठा तरीका इजात करते हुए देवी मां के दरबार में मत्था टेका। सरकार को सद्बुद्धि देने की मांग करते हुए पंचायत सहायकों ने धुणीमाता को ज्ञापन सौंपा। मावली ब्लॉक के करीब 100 पंचायत सहायकों ने इसमें हिस्सेदारी निभाई। इससे पहले तय कार्यक्रम के तहत पंचायत सहायकों का दल धुणीमाता मंदिर परिसर क्षेत्र में जुटा। संगठन के ब्लॉक के अध्यक्ष दिनेश सिंह राव ने बताया कि अस्थायी पदों पर 19 मई 2017 को पंचायत सहायकों को नियुक्ति दी गई थी। इसके बाद से प्रतिवर्ष पंचायत सहायकों का कार्यकाल बढ़ोत्तरी करना प्रस्तावित था। लेकिन इस वर्ष प्रदेश की सरकार ने लगभग 27 हजार पंचायत सहायकों के कार्यकाल को बढ़ाने के नाम पर मीठी गोली दे डाली। इससे पंचायत सहायकों में रोष व्याप्त है। धुणीमाता मंदिर परिसर में ज्ञापन देने के दौरान सचिव गणेश पुरी, उपाध्यक्ष शांतिलाल, महासचिव भंवरलाल, कोषाध्यक्ष देवीलाल, संगठन मंत्री ओमप्रकाश सहित सैकडों पंचायत सहायक मौजूद थे।आर्थिक तंगी ने घेराप्रदेश सहित मावली ब्लॉक के सभी पंचायत सहायकों के कार्यकाल में वृद्धि नहीं होने से पंचायत सहायकों एवं परिवारों को आर्थिक समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। रोजी-रोटी पर भी संकट आ खड़ा हुआ है। इसके बाद भी सरकार का इस तबके को लेकर मन नहीं पसीज रहा। ऐसे में भविष्य को लेकर पंचायत सहायकों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है। गौरतलब है कि पूर्व की सरकार ने सभी पंचायत सहायकों को नियमित करने की घोषणा की थी। मगर, अब सरकार वर्तमान सरकार पंचायत सहायकों की मांग पर गौर नहीं कर रही।
Published on:
01 Jul 2019 06:00 am
