
उदयपुर में हैवानियत पर उतरा पिता...अपनी ही बेटी के साथ किया ये शर्मनाक काम...सदमे में आई बेटी ने मां को बताई दर्दनाक दास्तां..
चंदन सिंह देवड़ा/ उदयपुर . अम्बामाता थाना क्षेत्र में 11 वर्षीय मासूम बेटी के यौन शोषण का मामला सामने आया है। बेटी की आपबीती सुनकर मां उसे लेकर थाने पहुंची और रिपोर्ट देकर आरोपी पति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस पर पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।
कार्यवाहक थाना प्रभारी देवेन्द्र कुमार ने बताया कि शनिवार सुबह मासूम का मेडिकल करवाया जाएगा और आरोपी के खिलाफ कानून सम्मत कार्रवाई होगी। फिलहाल मासूम यह नहीं बता पा रही है कि उसके साथ किस तारीख को यह सब घटित हुआ। वह सदमे में है। बताया गया कि आरोपी के एक-एक पुत्र और पुत्री है। उसका पुत्र पीडि़ता से छोटा है। आरोपी छोटा-बड़ा काम करता है मगर वह नशा नहीं करता हैै।
घायल ने दम तोड़ा
उदयपुर . प्रतापनगर थाना क्षेत्र में 16 जुलाई को सडक़ हादसे में घायल मंदेसर निवासी हिम्मतलाल पुत्र सुखलाल ने इलाज के दौरान शुक्रवार को दम तोड़ दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया। पुलिस के अनुसार मंदेसर का गुडा निवासी पप्पू डांगी और हिम्मत बाइक पर उदयपुर से गांव की तरफ जा रहे थे, तभी पीछे से आई मिनी ट्रक ने इनको चपेट में ले लिया। हादसे में पप्पू को कम चोटें आई जबकि हिम्मत को सिर पर गंभीर चोट लगने से निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। मिनी ट्रक ने बाइक के अलावा कुछ कारों को भी चपेट में लिया था। पुलिस ने मिनी ट्रक को जब्त कर लिया है।
केलूपोश मकान में सेंध लगा चुराने गहने
गींगला पसं. कुराबड़ थाना क्षेत्र के गुड़ली में गुरुवार रात चोरों ने एक केलूपोश मकान में सेंध लगाते हुए गहने चुरा लिए। जानकारी के अनुसार गुड़ली निवासी गेंदीबाई पत्नी स्व. मोतीलाल वेद के केलूपोश मकान में गुरुवार रात चोरों ने सेंध मारी। मकान के पिछवाड़े से ऊपर चढ़ केलू हटाकर प्रवेश किया। सारा सामान बिखेर दिया। अंदर चांदी के जेवर चुरा ले गए। महिला दूसरे कमरे में सो रही थी। सुबह देखा तो घर का सारा सामान बिखरा हुआ था। छत से केलू हटे हुए थे। महिला ने बताया कि चार माह पूर्व भी यहां चोरी हुई, तब चोर बकरियां ले गए।
Published on:
21 Jul 2018 01:01 pm
